नई दिल्ली। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रही पांच मैचों की घरेलू टी-20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन का फायदा उठाते हुए आईसीसी पुरुष टी-20आई बल्लेबाजी रैंकिंग में पांच स्थान की छलांग लगाकर सातवां स्थान हासिल कर लिया है। भारत इस सीरीज में फिलहाल 3-0 से आगे है और सूर्यकुमार ने अब तक 32, नाबाद 82 और नाबाद 57 रनों की पारियां खेली हैं।
टी-20 वर्ल्ड कप से महज 10 दिन पहले भारत रैंकिंग में शीर्ष स्थानों पर पूरी तरह हावी नजर आ रहा है। अभिषेक शर्मा पहले स्थान पर काबिज हैं, जबकि तिलक वर्मा तीसरे नंबर पर बने हुए हैं। वहीं, रायपुर में खेले गए दूसरे मैच में 32 गेंदों पर 76 रन बनाने वाले ईशान किशन ने रैंकिंग में दोबारा एंट्री करते हुए 64वां स्थान हासिल किया है। शिवम दुबे नौ स्थान की छलांग लगाकर 58वें और रिंकू सिंह 13 स्थान ऊपर चढ़कर 68वें नंबर पर पहुंच गए हैं।
अफगानिस्तान के सलामी बल्लेबाजों इब्राहिम जदरान और रहमानुल्लाह गुरबाज ने भी दुबई में वेस्टइंडीज के खिलाफ 2-1 से सीरीज जीत के दौरान शानदार प्रदर्शन कर रैंकिंग में बढ़त बनाई है। इब्राहिम दो पायदान ऊपर चढ़कर 13वें और गुरबाज तीन स्थान की छलांग के साथ 15वें नंबर पर पहुंच गए हैं। वहीं, प्लेयर ऑफ द सीरीज दारविश रसूली 156 रन बनाकर 29 स्थान की बड़ी छलांग लगाते हुए 87वें स्थान पर पहुंच गए।
दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडन मार्करम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले मैच में 47 गेंदों पर नाबाद 86 रन बनाकर टॉप-20 में जगह बना ली है। वेस्टइंडीज के ब्रैंडन किंग 15 स्थान ऊपर चढ़कर 35वें और न्यूजीलैंड के ग्लेन फिलिप्स 18 स्थान की छलांग के साथ 44वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
गेंदबाजी रैंकिंग में अफगानिस्तान के मुजीब उर रहमान ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे मैच में 4/21 के प्रदर्शन के दम पर पांच स्थान की बढ़त के साथ नौवां स्थान हासिल किया है। भारत के जसप्रीत बुमराह चार पायदान ऊपर चढ़कर 13वें और रवि बिश्नोई 13 स्थान की छलांग के साथ 19वें नंबर पर पहुंच गए हैं। दक्षिण अफ्रीका के कॉर्बिन बॉश भी आठ स्थान ऊपर चढ़कर अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ 32वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
भारत के हार्दिक पांड्या ने तीन मैचों में चार विकेट लेकर गेंदबाजी रैंकिंग में 18 स्थान की छलांग के साथ 59वां स्थान हासिल किया है। वह बल्लेबाजी रैंकिंग में भी दो स्थान ऊपर चढ़कर 53वें और ऑलराउंडर रैंकिंग में एक स्थान की बढ़त के साथ तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं।
उधर, वनडे रैंकिंग में इंग्लैंड के बल्लेबाज हैरी ब्रूक और जो रूट ने श्रीलंका के खिलाफ 2-1 से सीरीज जीत में अहम भूमिका निभाकर रैंकिंग में सुधार किया है। ब्रूक ने तीन मैचों में 247 रन बनाकर 17 स्थान की छलांग लगाते हुए 11वां स्थान हासिल किया, जबकि रूट 184 रनों के साथ 23वें से 17वें स्थान पर पहुंच गए हैं। गेंदबाजी रैंकिंग में इंग्लैंड के लेग स्पिनर आदिल राशिद छह स्थान ऊपर चढ़कर पांचवें और श्रीलंका के दाएं हाथ के स्पिनर दुनिथ वेलालगे 43वें से 29वें स्थान पर पहुंच गए हैं।





