पूर्वी सिंहभूम, 02 अक्टूबर । जिले में अवैध बालू कारोबार और बिना वैध दस्तावेज के परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर खनन टास्क फोर्स ने बुधवार देर रात धालभूमगढ़ क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान अवैध बालू लदे सात हाईवा जब्त किए गए।
रातभर चला वाहनों की जांच का अभियान
जिला खनन पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम ने रात करीब एक बजे से गुरुवार सुबह सात बजे तक वाहनों की जांच की। इस दौरान बालू परिवहन में लगे बड़े वाहनों को रोककर उनके कागजात और परिवहन से संबंधित दस्तावेजों की जांच की गई।
वैध सरकारी चालान नहीं दिखा सके चालक
जांच के दौरान सात हाईवा के चालक बालू परिवहन का वैध सरकारी चालान प्रस्तुत नहीं कर सके। दस्तावेजों में अनियमितता पाए जाने के बाद खनन विभाग की टीम ने सभी वाहनों को जब्त कर लिया।
थाना परिसर में रखे गए जब्त हाईवा
कार्रवाई के बाद सभी सातों हाईवा को धालभूमगढ़ थाना परिसर में रखा गया है। खनन विभाग की ओर से अब वाहनों से जुड़े दस्तावेजों और बालू के स्रोत की भी जांच की जा रही है।
वाहन मालिकों की जुटाई जा रही जानकारी
खनन विभाग ने जब्त वाहनों के मालिकों और अवैध बालू परिवहन से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जांच के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अवैध खनन पर प्रशासन की सख्ती
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन और बिना वैध दस्तावेज के बालू परिवहन को किसी भी स्थिति में अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रशासन के मुताबिक, अवैध बालू कारोबार के खिलाफ आगे भी लगातार जांच और कार्रवाई जारी रहेगी।
खनन टास्क फोर्स की कार्रवाई से मचा हड़कंप
देर रात से सुबह तक चले इस अभियान के दौरान सात हाईवा की जब्ती के बाद अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा है। प्रशासन का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कार्रवाई की जाएगी।






