अररिया में पैसे के लेनदेन के विवाद में दोस्त ने दोस्त की गोली मारकर की हत्या, सिर में गोली लगने से 25 वर्षीय मंगल कुमार की मौत

Share

अररिया जीरोमाइल स्थित बिरयानी दुकान में हुई वारदात, भीड़ ने आरोपी को पकड़कर पीटा; पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पिस्टल और मैगजीन की बरामद

अररिया, 14 नवंबर । अररिया जीरोमाइल में शुक्रवार देर रात पैसे के लेनदेन के विवाद में एक युवक ने अपने ही दोस्त की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान जोकीहाट थाना क्षेत्र के सिकटिया निवासी 25 वर्षीय मंगल कुमार के रूप में हुई है। वह गिट्टी-बालू का कारोबार करता था। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वारदात के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी दोस्त मो. असगर को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को भीड़ से सुरक्षित निकालकर गिरफ्तार कर लिया।

बिरयानी दुकान में बैठकर सुलझा रहे थे पैसों का विवाद

स्थानीय लोगों के अनुसार, मंगल कुमार और मो. असगर गिट्टी-बालू के कारोबार में साझेदार थे। दोनों के बीच पिछले कुछ समय से पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद को सुलझाने के लिए शुक्रवार देर रात दोनों जीरोमाइल स्थित एक पेट्रोल पंप के पास बिरयानी दुकान में बैठे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बातचीत के दौरान ही दोनों के बीच पैसों को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।

पिस्टल निकालकर मंगल के सिर में मारी गोली

बताया जाता है कि बहस बढ़ने पर मो. असगर ने अचानक पिस्टल निकाल ली और मंगल कुमार के सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही मंगल गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

भीड़ ने आरोपी को पकड़कर की पिटाई

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। लोगों ने भागने की कोशिश कर रहे आरोपी मो. असगर को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान आरोपी भी घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और भीड़ के कब्जे से आरोपी को सुरक्षित बाहर निकालकर हिरासत में ले लिया।

पिस्टल, मैगजीन और खोखा बरामद

घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ सुशील कुमार और नगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार रजक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से घटना में प्रयुक्त पिस्टल और खाली खोखा बरामद किया। गिरफ्तार आरोपी के पास से पिस्टल और मैगजीन भी बरामद की गई है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।

एसपी ने की गिरफ्तारी की पुष्टि

मामले में एसपी जितेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक मंगल कुमार और आरोपी मो. असगर गिट्टी-बालू के कारोबार में साझेदार थे। दोनों के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद में मंगल कुमार की गोली मारकर हत्या की गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल पिस्टल भी बरामद कर ली गई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30