पूर्वी सिंहभूम, 10 जुलाई — शहर के चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में शुक्रवार को एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जब नामजद आरोपी राहुल दुबे ने बिष्टुपुर थाना पहुंचकर पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया।
दोपहर करीब एक बजे राहुल दुबे दोनों हाथ ऊपर उठाए थाना परिसर में दाखिल हुआ और खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। आत्मसमर्पण की खबर मिलते ही थाना परिसर में हलचल बढ़ गई।
पत्रकारों को दी थी पहले सूचना
जानकारी के अनुसार, आत्मसमर्पण से पहले राहुल दुबे ने कुछ पत्रकारों को इसकी सूचना दी थी और उनके सामने ही थाने पहुंचा। चर्चा है कि उसे आशंका थी कि बिना सूचना पुलिस के समक्ष पेश होने पर पूछताछ के दौरान उसके साथ अप्रिय व्यवहार हो सकता है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस अधिकारियों ने कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है।
पुलिस ने शुरू की पूछताछ
आत्मसमर्पण के बाद पुलिस ने राहुल दुबे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जांच अधिकारी उससे हत्याकांड में उसकी भूमिका, घटना के समय उसकी मौजूदगी, साजिश और अन्य आरोपियों से संबंधों को लेकर विस्तृत जानकारी जुटा रहे हैं।
पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान मामले से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
दबिश और सख्ती के बीच लिया फैसला
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से पुलिस इस हत्याकांड के आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। इसी बीच शहर में यह चर्चा भी तेज है कि संभावित पुलिस कार्रवाई या एनकाउंटर की आशंका के चलते राहुल दुबे ने आत्मसमर्पण का रास्ता चुना। हालांकि, पुलिस ने इन चर्चाओं पर कोई पुष्टि नहीं की है।
जांच में अहम कड़ी साबित हो सकता है आत्मसमर्पण
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही आरोपी की भूमिका और आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर स्पष्ट जानकारी दी जाएगी।
राहुल दुबे का आत्मसमर्पण इस हत्याकांड की जांच में एक महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है, जिससे मामले की परतें खुलने की उम्मीद बढ़ गई है।






