–महुआ निकालने के दौरान तीन लोगों की मौत
हजारीबाग: जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र अंतर्गत कुद गांव में जहरीली गैस से दम घुटने के कारण एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
अवैध महुआ शराब निर्माण से जुड़ा बताया जा रहा मामला
स्थानीय लोगों के अनुसार पुलिस कार्रवाई के डर से महुआ को एक निर्माणाधीन सेफ्टी टैंक में छिपाकर रखा गया था। देर रात महुआ निकालने के लिए सबसे पहले चमेली देवी टंकी में उतरीं, लेकिन जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गईं।
उन्हें बचाने के लिए मदन साव टंकी में उतरे, लेकिन वह भी गैस से बेहोश होकर गिर पड़े। इसके बाद चमेली देवी का बेटा रवि साहू दोनों को बचाने के लिए नीचे उतरा, मगर वह भी बेहोश हो गया।
परिवार को बचाने उतरे आनंद साव, अस्पताल में चल रहा इलाज
काफी देर तक तीनों के वापस नहीं लौटने पर चमेली देवी के पति आनंद साव भी टंकी में उतरे। जब वह भी बाहर नहीं आए तो परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे। सभी को टंकी से बाहर निकालकर तत्काल शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने चमेली देवी, मदन साव और रवि साहू को मृत घोषित कर दिया, जबकि आनंद साव का इलाज जारी है।
डॉक्टर बोले- दम घुटने से हुई मौत
डॉक्टरों के मुताबिक बंद टंकी में जहरीली गैस भर जाने से दम घुटने के कारण यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि महुआ रखने के बाद टंकी का स्लैब बंद कर दिया गया था, जिससे गैस बाहर नहीं निकल सकी।
पुलिस जांच में जुटी
घटना को लेकर कटकमदाग थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी ने बताया कि तीन लोगों की संदिग्ध मौत हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा होगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।






