सारण, 07 सितंबर। गंगा, सरयू और गंडक नदियों के जलस्तर में वृद्धि से सोनपुर में उत्पन्न बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सामुदायिक रसोई केंद्र में बाढ़ पीड़ितों के साथ बैठकर भोजन किया और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
राहत और बचाव कार्यों की ली जानकारी
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री को जिले में चलाए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई जा रही राहत सामग्री, बचाव अभियान और सामुदायिक रसोई केंद्रों की व्यवस्था के बारे में विस्तार से बताया।
अधिकारियों को पारदर्शिता बरतने का निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ पीड़ितों तक राहत सामग्री और भोजन का वितरण पूरी पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को उनकी जरूरत के अनुसार तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए और राहत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान तरैया विधायक जनक सिंह, स्थानीय विधायक विनय सिंह, सांसद प्रतिनिधि राकेश सिंह, जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, वरीय पुलिस अधीक्षक समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को पूरी तत्परता के साथ जारी रखने को कहा।






