सिंगापुर में होगा लालू यादव का हेल्थ चेकअप, रांची सिविल कोर्ट ने दी विदेश यात्रा की अनुमति

Share

–स्वास्थ्य जांच के लिए सिंगापुर जाएंगे लालू यादव

रांची, 22 मई । लालू प्रसाद यादव को चारा घोटाला मामले में अदालत से बड़ी राहत मिली है। रांची की अदालत ने उन्हें स्वास्थ्य जांच के लिए सिंगापुर जाने की अनुमति दे दी है।

रांची स्थित अपर न्यायायुक्त अखिलेश कुमार तिवारी की अदालत ने शुक्रवार को लालू यादव का पासपोर्ट रिलीज करने का आदेश दिया। अदालत के फैसले के बाद वह जून के पहले सप्ताह में सिंगापुर जा सकेंगे।

किडनी ट्रांसप्लांट के बाद नियमित जांच

दरअसल, किडनी ट्रांसप्लांट के बाद नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के लिए सिंगापुर के चिकित्सकों ने लालू यादव को बुलाया है। डॉक्टरों ने उन्हें एक जून के बाद रूटीन चेकअप कराने की सलाह दी थी।

इसी कारण लालू यादव ने अदालत में पासपोर्ट रिलीज करने की याचिका दाखिल की थी, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया।

माउंट एलिज़ाबेथ अस्पताल में हुआ था ट्रांसप्लांट

दिसंबर 2022 में सिंगापुर के माउंट एलिज़ाबेथ अस्पताल में लालू यादव का किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था। इसके बाद से वे लगातार चिकित्सकीय निगरानी में हैं और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराते रहे हैं।

चारा घोटाला मामले में हैं सजायाफ्ता

लालू यादव बहुचर्चित चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता हैं। डोरंडा, चाईबासा, देवघर और दुमका कोषागार से अवैध निकासी से जुड़े मामलों में उन्हें दोषी ठहराया गया था।

यह मामला वर्ष 1990 से 1996 के बीच का है, जिसमें सरकारी कोषागारों से फर्जी बिल और दस्तावेजों के जरिए करोड़ों रुपये की अवैध निकासी की गई थी।

डोरंडा कोषागार से हुई थी 139 करोड़ की निकासी

जांच एजेंसियों के अनुसार, केवल डोरंडा कोषागार से ही करीब 139 करोड़ रुपये की अवैध निकासी हुई थी। इस मामले में कई अधिकारियों और राजनेताओं पर कार्रवाई की गई थी।

अदालत से अनुमति मिलने के बाद अब लालू यादव निर्धारित समय पर सिंगापुर जाकर अपना स्वास्थ्य परीक्षण करा सकेंगे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031