सारण। जिले में एलपीजी सिलिंडरों की कालाबाजारी और उनके अवैध व्यावसायिक उपयोग के विरुद्ध जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है।
जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के निर्देश पर जिले के सभी अनुमंडलों में अधिकारियों की टीम द्वारा व्यापक स्तर पर औचक छापेमारी की गई। जांच अभियान के दौरान सोनपुर, सदर और मढ़ौरा अनुमंडल के विभिन्न क्षेत्रों में सघन तलाशी ली गई। सोनपुर अनुमंडल में कुल 11 स्थानों पर छापेमारी हुई, जहाँ ग्रीन बावर्ची रेस्टोरेंट और ‘राधेश्याम स्वीट्स’ में घरेलू गैस सिलिंडरों का व्यावसायिक उपयोग होते पाया गया। प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए दोनों प्रतिष्ठानों के विरुद्ध सोनपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
सदर अनुमंडल में 21 ठिकानों पर की गई जाँच में अराध्या केक सेंटर को नियमों का उल्लंघन करते पाया गया, जिसके खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। मढ़ौरा अनुमंडल में भी 4 स्थानों पर सघन निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने चेतावनी दी है कि एलपीजी के वितरण या उपयोग में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर कठोरतम कानूनी कार्रवाई होगी। प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि कालाबाजारी से जुड़ी किसी भी सूचना या शिकायत के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 06152-245023 पर संपर्क करें। यह कंट्रोल रूम सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक सक्रिय है।





