सम्राट चौधरी ने कैमूर में अंतरराष्ट्रीय धर्म सम्मेलन का किया उद्घाटन, कहा- सनातन संस्कृति और जनसहभागिता से साकार होगा विकसित भारत व समृद्ध बिहार का संकल्प

Share

—कैमूर में श्रीरामानुजाचार्य सहस्राब्दी महामहोत्सव एवं अंतरराष्ट्रीय धर्म सम्मेलन का शुभारंभ, प्राचीन मंदिरों के विकास और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर

पटना, 26 अक्टूबर । बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सनातन संस्कृति, संतों के आशीर्वाद और जनसहभागिता से विकसित भारत एवं समृद्ध बिहार का संकल्प साकार होगा। भारत की गौरवशाली सभ्यता और संस्कृति हजारों वर्षों से पूरी दुनिया का मार्गदर्शन करती रही है। सरकार सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए विकास के नए आयाम स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है।

मुख्यमंत्री सोमवार को कैमूर जिले के भभुआ प्रखंड अंतर्गत परसिया गांव में आयोजित श्री भाष्यकार श्रीरामानुजाचार्य सहस्राब्दी महामहोत्सव एवं अंतरराष्ट्रीय धर्म सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।

संतों के आशीर्वाद से समाज का कल्याण

सम्राट चौधरी ने कहा कि ऐसे दिव्य और भव्य धर्म सम्मेलन में शामिल होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। संतों के आशीर्वाद से देश और समाज का कल्याण होता है। उन्होंने कहा कि भारत की प्राचीन सांस्कृतिक परंपराएं देश की पहचान हैं और इनके संरक्षण के साथ विकास को आगे बढ़ाना आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत को सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने के प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और औद्योगिक विकास को गति देने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। ‘मेक इन इंडिया’ जैसी पहलों के माध्यम से औद्योगिक क्षमता बढ़ाने के साथ भारतीय सभ्यता और संस्कृति को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने का प्रयास हो रहा है।

प्राचीन मंदिरों के विकास पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार भी विकास और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ रहा है। राज्य की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के लिए प्राचीन मंदिरों के विकास और जीर्णोद्धार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि गया जी स्थित प्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर के विकास एवं जीर्णोद्धार पर लगभग 3,500 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। वहीं, सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर के विकास और जीर्णोद्धार के लिए करीब 1,000 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना है। हजारों वर्ष प्राचीन मां मुंडेश्वरी मंदिर के विकास एवं जीर्णोद्धार की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।

कैमूर में धार्मिक पर्यटन और इको टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा

सम्राट चौधरी ने कहा कि कैमूर और आसपास के क्षेत्रों में धार्मिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। मां मुंडेश्वरी मंदिर और गुप्ताधाम जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों तक श्रद्धालुओं की पहुंच आसान बनाने के लिए सरकार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि पटना से हेलीकॉप्टर के माध्यम से गुप्ताधाम और मां मुंडेश्वरी के दर्शन की सुविधा शुरू की गई है, जिससे श्रद्धालुओं को सहूलियत मिल रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कैमूर की पहाड़ियों और प्राकृतिक सुंदरता को देखते हुए क्षेत्र में इको टूरिज्म विकसित किया जा रहा है। सासाराम और कैमूर की प्राकृतिक खूबसूरती फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों को भी आकर्षित कर रही है। धार्मिक पर्यटन के साथ प्राकृतिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने से स्थानीय विकास और रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी।

जीयर स्वामी महाराज से लिया आशीर्वाद

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रख्यात संत पूज्य श्री लक्ष्मीप्रपन्न जीयर स्वामी महाराज से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर सांसद एवं प्रसिद्ध गायक मनोज तिवारी ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम स्थल का माहौल भक्तिमय हो गया।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031