सीवान। भाकपा माले सीवान जिला कमिटी का 13वां जिला सम्मेलन दूसरे दिन भी पूरे जोश और उत्साह के साथ जारी रहा। सम्मेलन में जिले भर से 500 से अधिक प्रतिनिधि, पर्यवेक्षक और अतिथि भाग ले रहे हैं।
सम्मेलन में जिला सचिव हंसनाथ राम द्वारा प्रस्तुत कामकाज की रिपोर्ट पर व्यापक चर्चा हुई, जिसमें 70 से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लेकर अपने विचार रखे। सम्मेलन में महिलाओं और युवाओं की अच्छी भागीदारी देखने को मिली।
प्रतिनिधियों ने सीवान में पार्टी को और मजबूत एवं विस्तारित करने का संकल्प लिया। जिला सचिव के स्पष्टीकरण के बाद कामकाज की रिपोर्ट और आगामी कार्यभार को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। अब अगला सत्र सांगठनिक चुनाव का होगा, जिसमें नई जिला कमिटी और जिला सचिव का चुनाव किया जाएगा।
सम्मेलन में राज्य पर्यवेक्षक के रूप में अभुदय तथा मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी पोलित ब्यूरो सदस्य धीरेंद्र झा मौजूद हैं। अध्यक्ष मंडल में अमरनाथ यादव, सत्यदेव राम, नईमुद्दीन अंसारी, अमरजीत कुशवाहा, सोहिला गुप्ता, बच्चा जी कुशवाहा, जयनाथ यादव और इंद्रजीत चौरसिया शामिल रहे, जबकि तकनीकी सहयोग में सुरेंद्र प्रसाद, शिवनाथ राम, जगजीतन शर्मा और चंद्रभानु की टीम सक्रिय रही।
सम्मेलन में कई महत्वपूर्ण राजनीतिक प्रस्ताव भी पारित किए गए। नालंदा के शीतला मंदिर में भगदड़ में हुई मौतों पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि दी गई। महिलाओं की सुरक्षा, बढ़ती हिंसा और कानून व्यवस्था पर चिंता जताते हुए सरकार की आलोचना की गई।
इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी प्रस्ताव पारित करते हुए अमेरिका-इजरायल की नीतियों की आलोचना की गई। केंद्र सरकार पर श्रम कानूनों में बदलाव, कॉर्पोरेट नीतियों और गरीबों के अधिकारों में कटौती का आरोप लगाते हुए विरोध दर्ज कराया गया।
सम्मेलन ने बुलडोजर कार्रवाई, दलितों-गरीबों पर हमलों के खिलाफ व्यापक जन प्रतिरोध खड़ा करने, भूमिहीनों को जमीन देने, आवास योजनाओं की राशि बढ़ाने और राशन कटौती के खिलाफ अभियान तेज करने का आह्वान किया।
साथ ही, 14 अप्रैल को बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती को धूमधाम से मनाने और सभी प्रखंड मुख्यालयों में उनकी प्रतिमा व पुस्तकालय स्थापित करने की मांग की गई।
सम्मेलन ने आगामी 16 से 18 मई तक दरभंगा में होने वाले भाकपा माले के 12वें राज्य सम्मेलन को सफल बनाने का भी आह्वान किया।





