देवघर, 20 जुलाई । श्रावणी मेला-2026 के दौरान लाखों श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सोमवार को बाबा बैद्यनाथ धाम में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में स्वास्थ्य, खाद्य एवं आपूर्ति, आपदा प्रबंधन विभाग तथा जिला प्रशासन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
श्रद्धालुओं की सेवा में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त
बैठक के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि श्रावणी मेले में आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु भगवान शिव का स्वरूप है। उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी स्तर की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
228 डॉक्टर और 400 से अधिक स्वास्थ्यकर्मी तैनात
मंत्री ने बताया कि श्रावणी मेला-2026 के लिए 228 डॉक्टरों और 400 से अधिक पारा स्वास्थ्यकर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अलावा श्रद्धालुओं को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए व्यापक स्वास्थ्य व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
41 स्वास्थ्य संस्थान रहेंगे 24 घंटे संचालित
श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए 41 स्वास्थ्य संस्थानों को चौबीसों घंटे संचालित करने का निर्देश दिया गया है। वहीं देवघर सदर अस्पताल में 100 बेड तथा एम्स देवघर में 50 बेड विशेष रूप से श्रद्धालुओं के लिए आरक्षित रखे गए हैं।
कांवरिया पथ पर मिलेंगी आपात चिकित्सा सुविधाएं
करीब 105 किलोमीटर लंबे कांवरिया पथ पर मेडिकल कैंप स्थापित किए जाएंगे। यहां दवाइयों, ऑक्सीजन, ओआरएस तथा आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी स्वास्थ्य समस्या का तुरंत उपचार किया जा सके।
खाद्य सुरक्षा पर सख्त निर्देश
स्वास्थ्य मंत्री ने खाद्य सुरक्षा को लेकर भी कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने पेड़ा प्रसाद, होटल, ढाबों और स्ट्रीट वेंडरों द्वारा बेचे जा रहे खाद्य पदार्थों की नियमित जांच कराने तथा मिलावटखोरों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।
मूलभूत सुविधाओं पर भी रहेगा विशेष ध्यान
बैठक में स्वच्छ पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा श्रद्धालुओं के लिए विश्राम स्थलों की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में ये रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में विधायक सुरेश पासवान, एनएचएम मिशन निदेशक शशि प्रकाश झा, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






