वाराणसी-दिल्ली के बीच दौड़ेगी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और सीएम योगी शनिवार को दिखाएंगे हरी झंडी

Share

—बनारस रेलवे स्टेशन पर दोपहर 3:30 बजे होगा शुभारंभ कार्यक्रम; वाराणसी सिटी-राजातालाब और प्रयागराज रामबाग-वाराणसी के बीच मेमू सेवाएं भी शुरू होंगी

वाराणसी, 30 अक्टूबर । वाराणसी और नई दिल्ली के बीच चलने वाली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शनिवार से पटरी पर दौड़ने को तैयार है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संयुक्त रूप से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसी दिन वाराणसी से जुड़ी दो नई मेमू ट्रेन सेवाओं का भी शुभारंभ किया जाएगा। उद्घाटन कार्यक्रम दोपहर 3:30 बजे बनारस रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर आठ पर आयोजित होगा।

लंबी दूरी के यात्रियों को मिलेगी स्लीपर बर्थ की सुविधा

वाराणसी के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) आशीष जैन ने शुक्रवार को बताया कि नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में यात्रियों की सुविधा और आराम को ध्यान में रखते हुए स्लीपर बर्थ की व्यवस्था की गई है। इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को अधिक सहूलियत मिलेगी।

उन्होंने बताया कि ट्रेन के दरवाजों को खोलने और बंद करने के लिए स्वचालित प्रणाली लगाई गई है। इसके अलावा प्रत्येक स्लीपर बर्थ पर रीडिंग लाइट की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इससे यात्री आराम करते हुए पढ़ सकेंगे। ट्रेन में वंदे भारत की अन्य आधुनिक सुविधाएं भी मौजूद रहेंगी।

दो नई मेमू ट्रेन सेवाओं की भी होगी शुरुआत

डीआरएम आशीष जैन ने बताया कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के साथ दो नई मेमू ट्रेन सेवाएं भी शुरू की जाएंगी। इनमें पहली ट्रेन वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशन से राजातालाब के बीच चलेगी, जबकि दूसरी ट्रेन प्रयागराज रामबाग से वाराणसी के लिए संचालित होगी।

इन दोनों सेवाओं के शुरू होने से स्थानीय यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और वाराणसी के आसपास के क्षेत्रों की रेल कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

उद्घाटन समारोह में कई जनप्रतिनिधि होंगे शामिल

बनारस रेलवे स्टेशन पर आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के अलावा प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल राजभर, रविंद्र जायसवाल, डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु और हंसराज विश्वकर्मा शामिल होंगे।

इसके अलावा एमएलसी धर्मेंद्र सिंह, एमएलसी श्याम नारायण सिंह उर्फ विनीत सिंह, मेयर अशोक तिवारी, विधायक डॉ. सुनील पटेल, डॉ. नीलकंठ तिवारी, त्रिभुवन राम, डॉ. अवधेश सिंह, सौरभ श्रीवास्तव और नील रतन सिंह पटेल भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031