नई दिल्ली, 23 अगस्त । राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि तिरंगे की शान और 140 करोड़ देशवासियों के सपने ही अंतरिक्ष में भारत का संकल्प हैं। उन्होंने कहा कि भारत अंतरिक्ष क्षेत्र में लगातार अपनी वैश्विक भूमिका का विस्तार कर रहा है और विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में स्पेस सेक्टर की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
अंतरिक्ष क्षेत्र में बढ़ रहा भारत का कद
प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को एक्स पर जारी एक वीडियो संदेश में कहा कि अयोध्या में उन्होंने नए काल की शुरुआत की बात कही थी। इस नए कालखंड में वैश्विक व्यवस्था में भारत अंतरिक्ष के क्षेत्र में लगातार अपना स्थान मजबूत कर रहा है।
उन्होंने कहा कि देश ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस लक्ष्य को सिद्ध करने में अंतरिक्ष क्षेत्र की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
‘जेन जी’ इंजीनियर और वैज्ञानिक बना रहे नई तकनीक
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज जेन जी के इंजीनियर, डिजाइनर और वैज्ञानिक नई-नई तकनीक विकसित कर रहे हैं। प्रपल्शन सिस्टम, कंपोजिट मटीरियल और सैटेलाइट प्लेटफॉर्म जैसे क्षेत्रों में भारत के युवा काम कर रहे हैं, जिनकी कुछ वर्ष पहले कल्पना भी मुश्किल थी।
उन्होंने कहा कि भारत की निजी स्पेस कंपनियों और प्रतिभाओं ने पूरी दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। वैश्विक निवेशकों के लिए भी भारत का अंतरिक्ष क्षेत्र लगातार आकर्षक केंद्र बन रहा है।
रॉकेट का काउंटडाउन बच्चों को करता है प्रेरित
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि किसी रॉकेट का काउंटडाउन लाखों बच्चों को प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि हर घर में कागज के हवाई जहाज उड़ाने वाला बच्चा बड़ा होकर एरोनॉटिकल इंजीनियर, वैज्ञानिक या अंतरिक्ष क्षेत्र में काम करने का सपना देखता है।
उन्होंने कहा कि देश की अंतरिक्ष उपलब्धियां नई पीढ़ी में वैज्ञानिक सोच और बड़े सपनों को बढ़ावा दे रही हैं।






