रामगढ़ की चुट्टूपालू घाटी में बड़ा हादसा, अनियंत्रित ट्रेलर ने आधा दर्जन से ज्यादा वाहनों को मारी टक्कर; एक की मौत

Share

रामगढ़, 04 सितंबर। रामगढ़ जिले की चुट्टूपालू घाटी में शुक्रवार शाम एक अनियंत्रित ट्रेलर ने जमकर तबाही मचाई। ब्रेक फेल होने के बाद ट्रेलर ने घाटी में आधा दर्जन से अधिक वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में एक बाइक सवार को ट्रेलर ने रौंद दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे अन्य पुलिस पदाधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

टोल गेट पार करते ही फेल हुआ ट्रेलर का ब्रेक

जानकारी के अनुसार, ट्रेलर (आरजे 05 जीबी 8875) रांची की ओर से रामगढ़ की तरफ आ रहा था। चुट्टूपालू घाटी में प्रवेश करते ही उसका ब्रेक फेल हो गया। टोल गेट पार करने के बाद अनियंत्रित ट्रेलर ने एक के बाद एक कई वाहनों को टक्कर मारनी शुरू कर दी।

हादसे के दौरान कुछ क्षतिग्रस्त वाहनों को रांची जिले के ओरमांझी थाना क्षेत्र की पुलिस ने सड़क के किनारे हटवाया, ताकि यातायात बाधित न हो।

बाइक सवार को रौंदा, घटनास्थल पर मौत

रामगढ़ थाना क्षेत्र में वॉच टावर के पास पहुंचते ही अनियंत्रित ट्रेलर ने पैशन प्रो बाइक (जेएच 01 डीई 6962) को अपनी चपेट में ले लिया। बाइक पर सवार मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव को ट्रेलर ने रौंद दिया। गंभीर रूप से कुचल जाने के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।

कई कार और ट्रक क्षतिग्रस्त

अनियंत्रित ट्रेलर ने एक मारुति स्विफ्ट कार (जेएच 01 डीयू 5955), एक्सयूवी 300 (जेएच 01 एफएफ 0914) और एक ट्रक (एमएच 13 ईपी 6041) को भी टक्कर मारी। ट्रक से टकराने के बाद ट्रेलर सड़क पर रुक गया।

हादसे में कई छोटे वाहनों में सवार लोगों को मामूली चोटें आई हैं। हालांकि टक्कर के कारण वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

चालक और खलासी मौके से फरार

हादसे के बाद ट्रेलर का चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। दुर्घटना के कारण चुट्टूपालू घाटी में कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई।

सड़क से हटाए गए दुर्घटनाग्रस्त वाहन

रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त सभी वाहनों को सड़क से किनारे हटा दिया गया है। यातायात व्यवस्था सामान्य करने के लिए भारी ट्रेलर को भी सड़क के किनारे किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930