रांची, 24 अगस्त । राजधानी रांची में होमगार्ड बहाली के लिए सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो गई है। धुर्वा स्थित झारखंड होम गार्ड के सेंट्रल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट में सुबह 10 बजे से डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन किया जा रहा है। यह प्रक्रिया 12 सितंबर तक चलेगी।
जिला समादेष्टा कार्यालय की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार अलग-अलग प्रखंडों के अभ्यर्थियों के लिए सत्यापन की अलग-अलग तारीख तय की गई है। अभ्यर्थियों को निर्धारित तारीख पर सभी मूल दस्तावेजों के साथ पहुंचना होगा। इसके अलावा चार पासपोर्ट साइज फोटो लाना भी अनिवार्य है।
किस दिन किस प्रखंड का होगा सत्यापन
- 24 अगस्त: कांके और मांडर
- 25 अगस्त: लापुंग और बुड़मू
- 27 अगस्त: चान्हो और तमाड़
- 29 अगस्त: रातू, बेड़ो और खलारी
- 31 अगस्त: नामकुम
- 1 सितंबर: अनगड़ा
- 2 सितंबर: सिल्ली
- 3 सितंबर: नगड़ी
- 5 सितंबर: इटकी
- 7 सितंबर: राहे और बुंडू
- 8 सितंबर: सोनाहातू
- 9 सितंबर: तमाड़
- 10 सितंबर: ओरमांझी
- 11 सितंबर: शहरी गैर-तकनीकी पुरुष
- 12 सितंबर: शहरी गैर-तकनीकी महिला
तय तारीख पर नहीं पहुंचे तो रद्द होगी उम्मीदवारी
विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तारीख पर दस्तावेज सत्यापन के लिए अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों को बाद में दूसरा मौका नहीं दिया जाएगा। ऐसे अभ्यर्थियों की उम्मीदवारी रद्द मानी जाएगी।
सत्यापन के दौरान यदि किसी अभ्यर्थी का दस्तावेज गलत, जाली या फर्जी पाया जाता है तो उसकी उम्मीदवारी तत्काल रद्द कर दी जाएगी। दस्तावेज सत्यापन के समय संबंधित प्रखंड के अंचल अधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
सत्यापन के बाद होगी मेडिकल और चरित्र जांच
दस्तावेज सत्यापन में सफल अभ्यर्थियों का चरित्र सत्यापन और मेडिकल जांच कराया जाएगा। इन सभी प्रक्रियाओं में सफल रहने वाले अभ्यर्थियों को बेसिक ट्रेनिंग के लिए झारखंड गृह रक्षा वाहिनी मुख्यालय, रांची भेजा जाएगा।
विभाग ने अभ्यर्थियों से निर्धारित तारीख और समय पर सभी जरूरी मूल दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने की अपील की है, ताकि सत्यापन प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी न हो।






