रांची। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर रांची नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को महापौर रोशनी खलखो ने निगम के अधिकारियों के साथ शहर के छह प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने विभिन्न छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधियों से भी बातचीत की। उन्होंने घाटों से जुड़ी समस्याओं और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए उनके सुझावों की जानकारी ली।
छह प्रमुख छठ घाटों का लिया जायजा
महापौर ने बनस तालाब, नायक छठ तालाब, चंबोधा तालाब, स्वर्णरेखा छठ घाट, कमलू तालाब और पावर हाउस छठ तालाब का निरीक्षण किया। उन्होंने घाटों की सफाई व्यवस्था पर संतोष जताते हुए छठ पूजा तक सभी घाटों और वहां पहुंचने वाले रास्तों पर लगातार विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया।
घाटों पर होगी रोशनी और मजबूत बैरिकेडिंग
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महापौर ने अधिकारियों को कई निर्देश दिए। घाटों और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों पर अतिरिक्त रोशनी की व्यवस्था की जाएगी। वहीं, गहरे पानी वाले स्थानों पर मजबूत बैरिकेडिंग लगाई जाएगी, ताकि किसी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।
इसके अलावा व्रती महिलाओं के लिए पर्याप्त चेंजिंग रूम बनाने और घाटों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया। महापौर ने छठ पूजा समितियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने का भी निर्देश दिया।
छठ तक व्यवस्थाओं की होगी नियमित निगरानी
महापौर रोशनी खलखो ने अधिकारियों से कहा कि छठ महापर्व तक सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा नगर निगम की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि निगम का प्रयास है कि छठ के दौरान सभी घाट स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित रहें, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
निरीक्षण में पार्षद और पूजा समितियों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान वार्ड संख्या 13 के पार्षद पवन तिर्की, वार्ड संख्या 14 की पार्षद अंजू देवी और वार्ड संख्या 46 की पार्षद आरती कुमारी मौजूद रहीं। इनके अलावा नगर निगम के अधिकारी और विभिन्न छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।






