रांची में कारोबारी से मांगी ₹2 करोड़ की रंगदारी, नहीं देने पर परिवार और बेटे की हत्या की धमकी

Share

रांची — झारखंड की राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र में एक कारोबारी से 2 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित कारोबारी आशुतोष कुमार सिंह ने कांके थाना में लिखित शिकायत देकर पुलिस से कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है।

अंतरराष्ट्रीय नंबर से आया धमकी भरा कॉल
थाने में दर्ज शिकायत के मुताबिक, 3 जुलाई की रात एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से कारोबारी के पास कॉल आया। कॉल करने वाले ने 10 दिनों के भीतर 2 करोड़ रुपये और हर महीने 10 लाख रुपये देने की मांग की। रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद कारोबारी ने नंबर ब्लॉक कर दिया।

व्हाट्सएप पर फिर मिली धमकी
5 जुलाई को दोबारा अंतरराष्ट्रीय नंबर से कॉल आया। कॉल रिसीव नहीं करने पर व्हाट्सएप पर धमकी भरा मैसेज भेजा गया, जिसमें एक सप्ताह के भीतर 2 करोड़ रुपये और हर महीने 10 लाख रुपये देने की बात दोहराई गई।

परिवार और संपत्ति को निशाना बनाने की धमकी
मैसेज में धमकी दी गई कि रकम नहीं देने पर पेट्रोल पंप, घर और निर्माणाधीन मॉल पर बमबारी व फायरिंग कराई जाएगी। साथ ही फॉर्च्यूनर गाड़ी को निशाना बनाने और पूरे परिवार, यहां तक कि बेटे की हत्या करने की भी चेतावनी दी गई। आरोपियों ने दावा किया कि उनके पास कारोबारी और उसके परिवार से जुड़ी पूरी जानकारी है।

गैंग का नाम लेकर डराने की कोशिश
धमकी भरे मैसेज के अंत में राहुल दुबे, अमन साहू, मयंक सिंह, प्रकाश शुक्ला और राहुल दुबे गैंग का नाम लिखा गया है। कारोबारी ने व्हाट्सएप मैसेज की कॉपी भी पुलिस को सौंपी है।

पारिवारिक विवाद का भी जिक्र
शिकायत में यह भी बताया गया है कि पिछले एक महीने से उनके भतीजे के साथ मकान को लेकर विवाद चल रहा है। आरोप है कि मकान खाली कराने की बात कहने पर ही इस तरह की धमकियां मिलने लगती हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस के अनुसार, मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर धमकी देने वालों की पहचान की जा रही है और जल्द पूरे मामले का खुलासा करने की बात कही गई है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031