—कर्बला चौक से बहुबाजार मार्ग तक सरकारी जमीन और सड़क फ्लैंक से हटाया गया अवैध कब्जा, दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी
रांची, 22 अक्टूबर। शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाने और सार्वजनिक सड़कों को अतिक्रमणमुक्त करने के उद्देश्य से रांची नगर निगम ने अभियान चलाया। इस दौरान वार्ड-16 के मौजा कोनका स्थित कर्बला चौक से बहुबाजार मार्ग के पास सरकारी जमीन और सड़क के किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। अभियान में करीब 14 दुकानों, गुमटियों, अवैध मीट दुकानों, शेड और अन्य अस्थायी संरचनाओं को हटाया गया।
सड़क पर आवागमन बाधित होने पर कार्रवाई
नगर निगम के अनुसार, संबंधित स्थान पर बिना अनुमति दुकानें और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। इससे सड़क पर आवागमन प्रभावित हो रहा था। कार्रवाई के दौरान जर्जर बाउंड्री वॉल को भी हटाया गया।
तीन दिन का दिया गया था अल्टीमेटम
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से पहले नगर निगम की ओर से संबंधित लोगों को आम सूचना जारी की गई थी। इसमें सरकारी जमीन से तीन दिनों के भीतर अवैध कब्जा हटाने का निर्देश दिया गया था। निर्धारित समय में कब्जा नहीं हटाने पर निगम ने स्वयं कार्रवाई करने की चेतावनी दी थी।
सार्वजनिक मार्ग पर अवैध व्यावसायिक गतिविधियों पर रोक
नगर निगम ने स्पष्ट किया कि सक्षम प्राधिकार की अनुमति के बिना सड़क और सार्वजनिक मार्ग पर दुकानें, फल-सब्जी बाजार या अन्य व्यावसायिक गतिविधियां संचालित नहीं की जा सकतीं। सड़क पर अतिक्रमण कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

आगे भी जारी रहेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान
अभियान के दौरान संबंधित लोगों को सरकारी जमीन, सड़क और सार्वजनिक मार्ग पर दोबारा अतिक्रमण नहीं करने का निर्देश दिया गया। नगर निगम ने कहा कि सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमणमुक्त रखने, यातायात सुचारू बनाने और आम नागरिकों की आवाजाही आसान करने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।






