—पिठोरिया पुलिस ने तकनीकी इनपुट और गुप्त सूचना पर की कार्रवाई, पूछताछ में आरोपियों ने लूट में संलिप्तता स्वीकार की
रांची। राजधानी रांची के पिठोरिया थाना क्षेत्र स्थित चौली गांव में हुई हथियारबंद लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बबन खान उर्फ दिलशाद खान और भोडू शेख के रूप में हुई है।
हथियारबंद अपराधियों ने घर को बनाया था निशाना
जानकारी के अनुसार, उलातू पंचायत के चौली गांव में हथियारबंद अपराधियों ने एक घर में घुसकर लूटपाट की थी। घटना के बाद पीड़ित की लिखित शिकायत पर पिठोरिया थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज किए।
विशेष टीम ने दोनों आरोपियों को दबोचा
रांची पुलिस के वरीय अधिकारियों के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने तकनीकी इनपुट और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में लूटकांड में संलिप्तता स्वीकारने का दावा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। हालांकि, लूटे गए सामान की बरामदगी और इस वारदात में अन्य लोगों की भूमिका को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।






