मुजफ्फरपुर में युवक की हत्या के बाद बवाल, गुस्साई भीड़ ने आधा दर्जन से अधिक घरों को फूंका; गांव में तनाव, कई थानों की पुलिस तैनात

Share

मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के करजा थाना क्षेत्र में युवक की चाकू मारकर हत्या के बाद रविवार सुबह जमकर बवाल हुआ। पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव गांव पहुंचते ही आक्रोशित लोगों ने कथित आरोपियों के घरों को निशाना बनाया और आधा दर्जन से अधिक घरों में आग लगा दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। तनाव को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने अतिरिक्त बल तैनात किया है।

मेला घूमने के दौरान हुआ था विवाद

जानकारी के अनुसार, मोहम्मदपुर खाजे गांव निवासी नवनीत कुमार देर रात अपने दोस्तों के साथ मेला घूमने गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद नवनीत के साथ मारपीट की गई और उसे चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।

शव गांव पहुंचते ही भड़का आक्रोश

रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद नवनीत का शव गांव पहुंचा तो लोगों का गुस्सा भड़क उठा। इसके बाद उग्र भीड़ परतापुर गांव पहुंची और कथित आरोपियों के घरों में आग लगा दी। इस दौरान आधा दर्जन से अधिक घरों को निशाना बनाए जाने की सूचना है। आगजनी के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान हवाई फायरिंग भी हुई। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस और दमकल की टीम ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही सरैया एसडीपीओ अभिजीत कौर, दमकल की टीम और आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं, स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। पुलिस गांव में कैंप कर रही है, ताकि स्थिति को सामान्य बनाए रखा जा सके।

एसएसपी बोले- कानून हाथ में लेने वालों पर होगी कार्रवाई

मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि हत्या के मामले में पुलिस त्वरित और आगे की कार्रवाई कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

एसएसपी ने कहा, “हत्या के मामले में पुलिस कार्रवाई कर रही है। कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस गांव में कैंप कर रही है और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है।”

फिलहाल पुलिस हत्या और आगजनी की घटना से जुड़े सभी पहलुओं पर नजर रख रही है। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031