रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन शनिवार को अपनी धर्मपत्नी और विधायक कल्पना सोरेन के साथ तमाड़ स्थित प्रसिद्ध सोलहभुजी माँ दिउड़ी मंदिर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्यवासियों की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार माता रानी के दरबार में मत्था टेका और आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर में पूजा-अर्चना वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धार्मिक पुरोहित मनोज पंडा और मुख्य पाहन सुखराम जी द्वारा संपन्न कराई गई।
मुख्यमंत्री के मंदिर पहुंचने की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण मंदिर परिसर में जुट गए। लोगों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और उन्हें अपने बीच पाकर उत्साह व्यक्त किया।
पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत राज्य की पहचान है। उन्होंने कहा कि माँ दिउड़ी मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है और यहां आने मात्र से सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है।
मुख्यमंत्री ने राज्य के विकास, उन्नति और नागरिकों के कल्याण के लिए माता रानी से प्रार्थना की। इस अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला।






