रांची, 14 अप्रैल । हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन ने मंगलवार को रांची के निवारणपुर स्थित श्री राम जानकी तपोवन मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने राज्यवासियों के सुख, समृद्धि, खुशहाली और उन्नति की कामना की।
मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा लिया तथा इससे जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि यह मंदिर न केवल आस्था का प्रमुख केंद्र है, बल्कि रांची की एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक धरोहर भी है।
मंदिर को भव्य स्वरूप देने की योजना
हेमंत सोरेन ने कहा कि मंदिर के रिनोवेशन और ब्यूटीफिकेशन का कार्य बड़े स्तर पर जारी है और राज्य सरकार की ओर से इसमें हर संभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मंदिर को भव्य और आकर्षक स्वरूप देने के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी, ताकि देश-विदेश से आने वाले लोग सहज और सुविधाजनक तरीके से दर्शन कर सकें।
धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल
विधायक कल्पना सोरेन ने भी मंदिर के विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह स्थल धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास जताया कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद यह मंदिर और अधिक आकर्षण का केंद्र बनेगा।
समिति ने मुख्यमंत्री को किया था आमंत्रित
उल्लेखनीय है कि श्री राम जानकी तपोवन मंदिर नवनिर्माण समिति ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुख्यमंत्री से शिष्टाचार मुलाकात की थी। इस दौरान समिति के प्रतिनिधियों ने मंदिर में चल रहे नवनिर्माण कार्यों की प्रगति से उन्हें अवगत कराया और स्थल निरीक्षण के लिए आमंत्रित किया था।






