मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना: रांची की 3.66 लाख महिलाओं के खातों में ₹7,500 की राशि भेजी गई

Share

रांची: झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले की 3,66,664 महिला लाभुकों के बैंक खातों में अप्रैल, मई और जून 2026 की तीन माह की सम्मान राशि एकमुश्त ट्रांसफर कर दी गई है। आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से प्रत्येक पात्र महिला को ₹7,500 दिए गए हैं। इस मद में कुल ₹274.99 करोड़ की राशि जारी की गई।

महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की पहल

जिला प्रशासन के अनुसार, इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उनकी दैनिक जरूरतों में सहयोग देना है। DBT के जरिए सीधे बैंक खातों में राशि भेजे जाने से पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है और लाभुकों को समय पर सहायता मिल रही है।

इन प्रखंडों में सबसे ज्यादा लाभुक

रांची जिले के सभी प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों में बड़ी संख्या में महिलाओं को इस योजना का लाभ मिला है। कांके प्रखंड में सबसे अधिक 31,094 लाभुक हैं। इसके अलावा टाउन अर्बन क्षेत्र में 25,006, मांडर में 22,885, सिल्ली में 21,031, बेड़ो में 20,519, चान्हो में 19,299, रातू में 18,500, तमाड़ में 18,411, बुढ़मू में 17,688, नगड़ी में 17,755, ओरमांझी में 17,824 और नामकुम में 17,566 महिलाओं के खातों में राशि भेजी गई है।

कुछ क्षेत्रों में भुगतान प्रक्रियाधीन

अनगड़ा, सोनाहातू, राहे, लापुंग, खलारी, बुंडू समेत अन्य क्षेत्रों की महिलाओं को भी योजना का लाभ मिला है। वहीं बड़गाईं अंचल और ईटकी प्रखंड के लाभुकों का भुगतान अभी प्रक्रियाधीन है। जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही इन क्षेत्रों के पात्र लाभुकों को भी राशि उपलब्ध करा दी जाएगी।

उपायुक्त का बयान

उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि लंबित क्षेत्रों में भी जल्द से जल्द भुगतान सुनिश्चित किया जाए।

लाभुकों के लिए जरूरी सूचना

जिला प्रशासन ने लाभुकों से अपील की है कि वे अपने बैंक खाते की जानकारी और आधार लिंकिंग की स्थिति अपडेट रखें, ताकि आने वाली किस्तों का भुगतान बिना किसी बाधा के सीधे खातों में हो सके। किसी भी शिकायत या जानकारी के लिए लाभुक रांची जिला प्रशासन के आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर ‘अबुआ साथी’ (9430328080) पर संपर्क कर सकते हैं।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31