काठमांडू। नेपाल के रसुवा जिले में भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ के बाद राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया गया है। नेपाली सेना ने गुरुवार सुबह तक 123 लोगों का हवाई बचाव किया है। इनमें घायल और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोग शामिल हैं।
टिमुरे से 95 लोगों का रेस्क्यू
नेपाली सेना के अनुसार रसुवा के टिमुरे क्षेत्र से 95 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है, जिनमें आठ विदेशी नागरिक शामिल हैं। विदेशी नागरिकों को हेलिकॉप्टर के जरिए काठमांडू लाने की तैयारी की जा रही है, जबकि अन्य लोगों को धुन्चे पहुंचाया जा रहा है।
जलविद्युत परियोजना की टनल से सात लोग सुरक्षित
रसुवा के हाकु स्थित जलविद्युत परियोजना की टनल में फंसे सात लोगों को भी जीवित बाहर निकाल लिया गया है। सेना के मुताबिक तीन अन्य टनल में अभी भी बचाव अभियान जारी है।
21 भारतीय पर्यटकों को निकालने का अभियान जारी
सेना ने बताया कि टिमुरे क्षेत्र में लापता हुए 21 भारतीय पर्यटकों को भी सुरक्षित निकालने का अभियान जारी है। उन्हें भी हवाई मार्ग से काठमांडू लाने की प्रक्रिया चल रही है।
रात से जारी है राहत और बचाव अभियान
नेपाल सरकार ने प्रभावित तटीय और अन्य इलाकों में गुरुवार सुबह से खोज, बचाव और राहत अभियान और तेज कर दिया है। सेना ने जोखिम में फंसे लोगों की सहायता के लिए बुधवार रात ही प्रभावित क्षेत्रों में खाद्य सामग्री, टेंट और दवाइयां पहुंचा दी थीं।
बाढ़ आने के तुरंत बाद नेपाली सेना, नेपाल पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल की टीमें राहत एवं बचाव अभियान में जुट गई थीं। सेना और निजी क्षेत्र के हेलिकॉप्टरों को भी अभियान में लगाया गया है। सेना की जमीनी टीमें पूरी रात बचाव कार्य में सक्रिय रहीं।

टिमुरे और स्याफ्रुबेंसी में अभियान तेज
गुरुवार सुबह से टिमुरे, स्याफ्रुबेंसी और नदी के तटीय इलाकों में हेलिकॉप्टरों के साथ पैदल बचाव दलों को भी सक्रिय किया गया है। टीमें फंसे लोगों को निकालने के साथ लापता लोगों की तलाश कर रही हैं।
सरकार ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से अत्यधिक सतर्कता बरतने की अपील की है। पूरे सरकारी तंत्र को राहत, बचाव और प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने पर केंद्रित किया गया है।






