भारत से हज उड़ानों की शुरुआत, दिल्ली और श्रीनगर से रवाना हुए सैकड़ों यात्री

Share

नई दिल्ली। भारत से हज यात्रा पर जाने का सिलसिला आज से शुरू हो गया। शनिवार सुबह नई दिल्ली से 371 हज यात्रियों को विदाई दी गई, जबकि श्रीनगर से 431 यात्री तीन उड़ानों के जरिए मदीना के लिए रवाना हुए।

दिल्ली एयरपोर्ट से पहली उड़ान को दी गई विदाई

इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के टर्मिनल-3 से सऊदी एयरलाइन की पहली उड़ान सुबह 9:45 बजे रवाना हुई। इस दौरान अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के सचिव डॉ. श्रीवत्स कृष्णा और दिल्ली हज कमेटी की चेयरपर्सन कौसर जहां ने यात्रियों को फूल मालाओं के साथ विदाई दी।

इस अवसर पर आयोजित समारोह में भारत में सऊदी अरब के उप मिशन प्रमुख अहमद मुशब्बब अल अहमरी, मंत्रालय के संयुक्त सचिव राम सिंह और हज कमेटी के कार्यकारी अधिकारी अशफाक अहमद आरफी भी मौजूद रहे।

हज यात्री ‘भारत के सांस्कृतिक दूत’

अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के सचिव ने कहा कि हज पर जाने वाले यात्री सऊदी अरब के पवित्र शहर मक्का और मदीना में भारत के सांस्कृतिक दूत के रूप में अपनी पहचान प्रस्तुत करेंगे। वहीं, कौसर जहां ने भरोसा दिलाया कि हज यात्रियों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

दिल्ली से 54 उड़ानों में जाएंगे 21 हजार से अधिक यात्री

हज कमेटी के अनुसार, दिल्ली एम्बार्केशन प्वाइंट से 20 मई तक सऊदी एयरलाइन की 54 उड़ानों के जरिए 21,100 से अधिक यात्री हज यात्रा पर रवाना होंगे। पहले चरण में 31 उड़ानों से 12,240 यात्री मदीना जाएंगे, जबकि दूसरे चरण में 23 उड़ानों से 8,860 यात्री मक्का के लिए प्रस्थान करेंगे।

पहली उड़ान में 371 यात्रियों में 177 महिलाएं और 194 पुरुष शामिल थे। वहीं, दूसरी उड़ान से शाम 4:45 बजे 410 यात्री रवाना हुए।

अल्प-अवधि हज यात्रा की नई सुविधा

इस वर्ष पहली बार 20 दिवसीय अल्प-अवधि हज यात्रा की शुरुआत की गई है। 19 और 20 मई को कुल 5 उड़ानों से लगभग 2000 यात्री इस सुविधा का लाभ उठाएंगे। यह व्यवस्था खासकर उन लोगों के लिए उपयोगी है, जो 40-45 दिन की पारंपरिक हज यात्रा के लिए समय नहीं निकाल पाते।

श्रीनगर से भी शुरू हुई हज उड़ानें

जम्मू-कश्मीर से भी हज यात्रियों की रवानगी शुरू हो गई है। पहले दिन श्रीनगर से 431 यात्री तीन उड़ानों में रवाना हुए, जिनमें 230 पुरुष और 201 महिलाएं शामिल हैं। प्रशासन की ओर से परिवहन, मेडिकल जांच, सामान प्रबंधन और दस्तावेजीकरण की सभी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की गई थीं।

प्रशासन ने कहा कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित यात्रा के लिए हर जरूरी इंतजाम किए गए हैं।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930