सुपौल, 26 अगस्त । बिहार के सुपौल जिले में मंगलवार देर रात भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा पिपरा थाना क्षेत्र के कटैया चौक के पास एनएच-327ई किनारे बजरंगबली मंदिर के समीप हुआ। हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा है।
बताया गया कि मंदिर के पास करीब छह लोग कीर्तन कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें रौंद दिया। वाहन करीब 50 मीटर तक लोगों को कुचलते हुए सड़क किनारे स्थित एक दुकान में जा घुसा। हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतकों की पहचान तिलाई दास (65), राजू दास (50), सुरेंद्र यादव (45), भुवनेश्वरी यादव उर्फ कोयली यादव और कृष्ण मोहन साह के रूप में हुई है। सभी कटैया पंचायत के रहने वाले थे। हादसे में रामचंद्र यादव गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना में शामिल वाहन को कब्जे में ले लिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। मंगलवार देर रात डीएम सावन कुमार ने बताया कि एसडीएम को घटनास्थल पर भेजा गया है और पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के घरों में कोहराम मच गया। गांव में शोक का माहौल है।

सड़क किनारे अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश
हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने कटैया चौक के पास सड़क किनारे लगी अस्थायी दुकानों को हटाना शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क किनारे अतिक्रमण और अस्थायी दुकानों के कारण हादसे का खतरा लगातार बना रहता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क किनारे की अस्थायी दुकानों और अतिक्रमण को हटाने तथा भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।






