बिहार के भोजपुर में दर्दनाक हादसा, सोन नदी में नहाने गए तीन बच्चों समेत चार की डूबने से मौत, काफी मशक्कत के बाद मिले शव

Share

पटना, 17 अक्टूबर। बिहार के भोजपुर जिले में शनिवार को सोन नदी में डूबने से तीन बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसा संदेश थाना क्षेत्र के तीर्थकौल गांव के समीप हुआ। मृतकों में तीन नाबालिग बच्चे और एक 25 वर्षीय युवक शामिल है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।

तीन बच्चे डूबने लगे, बचाने उतरा युवक भी नहीं बचा

पुलिस के अनुसार, गांव के सात बच्चे सोन नदी की ओर गए थे। नहाने के दौरान तीन बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों को बचाने के लिए 25 वर्षीय सुधीर कुमार नदी में उतरा, लेकिन वह भी डूब गया।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस-प्रशासन को सूचना दी। काफी प्रयास के बाद चारों के शव बरामद किए गए।

मृतकों में 10 से 25 वर्ष तक के लोग शामिल

मृतकों की पहचान तीर्थकौल गांव निवासी आकाश कुमार (15), पिता विनोद शर्मा, प्रेम कुमार (10), पिता मिंटू शर्मा, सिद्धांत कुमार (16) और सुधीर कुमार (25), पिता अरविंद यादव के रूप में हुई है।

पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाएंगे शव

संदेश के प्रखंड विकास पदाधिकारी बिनेश कुमार और थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने घटना की पुष्टि की है। अधिकारियों के अनुसार, शवों को पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि सोन नदी में डूबने से चार लोगों की मौत हुई है। पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031