पश्चिम चंपारण, 22 अगस्त। बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के लौरिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग पर पराउ टोला बनकटवा के पास तेज रफ्तार यात्री बस सड़क किनारे चल रहे ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम में जा घुसी और वहां मौजूद लोगों को रौंद दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।
छठी समारोह में आयोजित था ऑर्केस्ट्रा
हादसे में मृतकों की पहचान लौरिया थाना क्षेत्र के बनकटवा निवासी बहादुर महतो, संजय कुमार, भोला दुबे, देवेंद्र दुबे और छांगुर राम के रूप में हुई है। बताया गया कि देवेंद्र दुबे के बेटे की छठी का कार्यक्रम था। इसी मौके पर ऑर्केस्ट्रा का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़क किनारे मौजूद थे।
ट्रक से बचने के प्रयास में अनियंत्रित हुई बस
पुलिस के अनुसार, यात्री बस गोरखपुर से बेतिया की ओर जा रही थी। बगहा-लौरिया मुख्य मार्ग पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से टक्कर से बचने के प्रयास में बस चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित बस सड़क किनारे चल रहे ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम में जा घुसी और वहां मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के समय बस में करीब 15 यात्री सवार बताए जा रहे हैं।
घायलों को जीएमसीएच भेजा गया
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर लौरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से बेतिया स्थित जीएमसीएच भेजा। घायलों में विनय कुमार यादव, श्याम बाबू, मोती चंद्र महतो और नरेश राम समेत अन्य लोग शामिल बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आक्रोशित लोगों ने बस और ट्रक में की तोड़फोड़
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने बस और ट्रक में तोड़फोड़ शुरू कर दी। भीड़ ने बस में सवार सभी यात्रियों को नीचे उतार दिया। इसके बाद बस में तोड़फोड़ की गई। लोगों ने ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम में लगी कुर्सियों और स्पीकर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
हंगामे की सूचना मिलने पर नरकटियागंज के एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाकर शांत कराया और बस में सवार यात्रियों को सुरक्षित वहां से निकलवाया।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ट्रक से टक्कर से बचने के दौरान बस अनियंत्रित हुई और ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम में जा घुसी। पुलिस दोनों वाहनों के चालकों की भूमिका और हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लौरिया थाना क्षेत्र में हुए हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
मुख्यमंत्री ने प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित एवं त्वरित इलाज की व्यवस्था करने तथा पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।






