बिहार के अररिया में आकाशीय बिजली का कहर, वज्रपात से तीन की मौत, तीन झुलसे

Share

अररिया, 09 सितंबर । बिहार के अररिया जिले के ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के तरोना भोजपुर पंचायत के औरैयाबाड़ी गांव में बुधवार शाम वज्रपात की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य झुलसकर घायल हो गए। मृतकों की पहचान 50 वर्षीय शनिचरा भगत, 48 वर्षीय वीरेन भगत और 30 वर्षीय कन्हैया भगत के रूप में हुई है। तीनों एक ही गांव के निवासी थे।

बारिश के दौरान पशुओं को लाने खेत गए थे

मृतक के परिजन गिरानंद भगत ने बताया कि बुधवार शाम अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान सभी लोग खेत में चर रहे अपने पशुओं को वापस लाने के लिए गए थे। पशुओं को लेकर घर लौटते समय सभी छह लोग वज्रपात की चपेट में आ गए।

तीन गंभीर रूप से झुलसे

घटना में तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि तीन अन्य को आंशिक चोटें आईं। गंभीर रूप से घायल तीनों को स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से अररिया सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने प्राथमिक जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।

वहीं, तीन अन्य घायलों का गांव में ही इलाज चल रहा है। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

सदर अस्पताल में मचा कोहराम

चिकित्सकों द्वारा तीनों की मौत की पुष्टि किए जाने के बाद सदर अस्पताल में परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोग रो-रोकर बेहाल थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव में भी मातम पसरा हुआ है।

आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची

आपदा प्रबंधन पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया है। टीम घटना की पूरी जानकारी जुटा रही है। उन्होंने कहा कि आपदा विभाग की ओर से पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

बारिश और मेघ गर्जना के दौरान सावधानी जरूरी

आपदा प्रबंधन पदाधिकारी ने कहा कि मानसून के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं होती रहती हैं। खेतों में काम करने वाले किसान और पशु चराने वाले लोग अक्सर इसकी चपेट में आ जाते हैं। तेज बारिश और मेघ गर्जना के दौरान लोगों को खुले मैदान में रहने से बचना चाहिए। पेड़ के नीचे या धातु की वस्तुओं के पास खड़े होने से भी वज्रपात का खतरा बढ़ सकता है।

थानाध्यक्ष ने की घटना की पुष्टि

ताराबाड़ी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी लोग बारिश के दौरान पशुओं को लाने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान छह लोग वज्रपात की चपेट में आ गए। इनमें तीन की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हैं। घायल खतरे से बाहर हैं और उनका इलाज घर पर ही चल रहा है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930