प्रधानमंत्री मोदी ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में की पूजा-अर्चना, बच्चों पर बरसाया प्यार, दर्शन के बाद हरदोई के लिए रवाना

Share

वाराणसी (उत्तर प्रदेश)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के अंतिम दिन बुधवार सुबह श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन कर देश की सुख-समृद्धि की कामना की।

वैदिक मंत्रों के बीच हुआ अभिषेक

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मंदिर के स्वर्णमंडित गर्भगृह में बाबा विश्वनाथ के ज्योतिर्लिंग का षोडशोपचार पूजन और अभिषेक कराया गया। अर्चक ओम प्रकाश मिश्र सहित पांच ब्राह्मणों ने विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई। इस दौरान प्रधानमंत्री ने भी श्रद्धाभाव से मंत्रों का उच्चारण किया।

भव्य स्वागत और रोड शो

अपने 54वें काशी दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री का शहरवासियों ने भव्य स्वागत किया। बरेका गेस्ट हाउस से मंदिर तक लगभग 14 किलोमीटर लंबे मार्ग पर ढोल-नगाड़ों, डमरू और शंखनाद के बीच लोगों ने गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा कर उनका अभिनंदन किया। जगह-जगह “हर-हर महादेव” और “जय श्रीराम” के उद्घोष गूंजते रहे।

श्रद्धालुओं का किया अभिवादन

मंदिर परिसर में प्रधानमंत्री ने मौजूद शिवभक्तों का अभिवादन किया। मंदिर न्यास के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। दर्शन-पूजन के बाद भाजपा नेताओं ने उन्हें त्रिशूल और डमरू भेंट किया, जिसे उन्होंने श्रद्धालुओं को दिखाकर अभिवादन स्वीकार किया।

बच्चों पर लुटाया स्नेह

मंदिर चौक में प्रधानमंत्री मोदी ने दर्शन के लिए आए बच्चों से मुलाकात की और उन पर स्नेह लुटाया। उन्होंने बच्चों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और स्नेहपूर्वक उनका सिर सहलाया, जिससे बच्चे काफी उत्साहित नजर आए।

हरदोई के लिए रवाना

दर्शन-पूजन के बाद प्रधानमंत्री बाबतपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए, जहां से वे आगे हरदोई के कार्यक्रम के लिए प्रस्थान कर गए।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930