नई दिल्ली, 29 अगस्त । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को ‘राष्ट्रीय खेल दिवस’ के अवसर पर देशवासियों और सभी खेल प्रेमियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए खिलाड़ियों के समर्पण, जुनून और दृढ़ संकल्प की सराहना की।
खिलाड़ियों के समर्पण को किया सलाम
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में कहा कि खिलाड़ियों का समर्पण, जुनून और दृढ़ संकल्प पूरे देश को गौरवान्वित करता है। उन्होंने मेजर ध्यानचंद को याद करते हुए कहा कि उनकी प्रतिभा आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करती रहेगी।
मेजर ध्यानचंद की जयंती पर मनाया जाता है खेल दिवस
राष्ट्रीय खेल दिवस हर वर्ष 29 अगस्त को हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। उनका जन्म 29 अगस्त, 1905 को हुआ था। उन्होंने भारत को 1928, 1932 और 1936 के ओलंपिक खेलों में स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।

2012 में हुई थी राष्ट्रीय खेल दिवस की शुरुआत
केंद्र सरकार ने वर्ष 2012 में मेजर ध्यानचंद की जयंती को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। इस अवसर पर देशभर में खेलों और शारीरिक फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ युवाओं को खेल गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।





