नई दिल्ली, 09 सितंबर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन और जनसेवा में एक संवैधानिक प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान जनसेवा, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ युवाओं की भागीदारी पर विशेष जोर रहेगा।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को केंद्रीय कार्यालय में पत्रकार वार्ता में बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर हर वर्ष ‘सेवा पखवाड़ा’ आयोजित किया जाता है, लेकिन इस बार सात अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री के जनसेवा में एक संवैधानिक प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने का विशेष अवसर है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस बार एक महीने के ‘सेवा संकल्प अभियान’ का निर्णय लिया गया है।
‘सेवा दिवस’ से होगी अभियान की शुरुआत
नितिन नवीन ने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर ‘सेवा दिवस’ के रूप में अभियान की शुरुआत होगी। पहले दिन रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिसमें युवाओं सहित समाज के सभी वर्गों की भागीदारी होगी।
इसी दिन शाम सात बजे ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत परिवारों और विशेष रूप से विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों द्वारा प्रधानमंत्री के सम्मान में दीप जलाए जाएंगे। भाजपा के अनुसार, यह पिछले 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार और ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प का प्रतीक होगा।
स्वच्छता अभियान और स्कूलों में प्रतियोगिताएं
दो अक्टूबर को हर वर्ष की तरह स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा 17 सितंबर से सात अक्टूबर के बीच स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकारी, ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
इन प्रतियोगिताओं में प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सेवा और समर्पण तथा ‘विकसित भारत’ की कल्पना जैसे विषय शामिल होंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री और अन्य केंद्रीय मंत्रियों के स्तर पर प्रमाण पत्र देने की योजना है।
गांव-गांव पहुंचेंगी ‘नमो सेवा’ की कहानियां
भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि ‘नमो सेवा : अनकही कहानियां’ के तहत पिछले 25 वर्षों में विभिन्न सरकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलावों को संगीतपूर्ण नाट्य और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। इसका उद्देश्य इन कहानियों को गांव-गांव तक पहुंचाना है।
वहीं ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा कार्यकर्ताओं के सम्मान की भावना को आगे बढ़ाते हुए आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों और उनकी माताओं के साथ पोषण, स्वास्थ्य और महिला कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी साझा की जाएगी।
सात अक्टूबर को निकलेगी ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’
नितिन नवीन ने बताया कि सात अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा- विकसित भारत का संकल्प’ आयोजित की जाएगी। इसके माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी के जनसेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने पर कृतज्ञता व्यक्त की जाएगी तथा ‘विकसित भारत 2047’ का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।
देश के सभी जिला मुख्यालयों सहित करीब 1,000 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है। सुविधानुसार पैदल यात्रा या बाइक रैली के माध्यम से यह आयोजन किया जाएगा।
वडनगर से वाराणसी तक युवा निकालेंगे सेवा यात्रा
भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि युवा मोर्चा के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी के जन्मस्थान वडनगर से उनकी कर्मभूमि वाराणसी तक और वाराणसी से वडनगर तक सेवा यात्राएं निकाली जाएंगी।
यात्रा 10 अलग-अलग टोलियों में होगी और प्रत्येक टोली में 50 युवा शामिल होंगे। करीब 20 दिनों की इस यात्रा के दौरान अलग-अलग रूट से लगभग 10 राज्यों को जोड़ा जाएगा। यात्रा के दौरान गांवों में चौपाल, आंगनवाड़ी केंद्रों, किसानों और शहरों के युवा क्लबों के साथ संवाद किया जाएगा।
प्रत्येक टोली प्रतिदिन करीब पांच से सात कार्यक्रम करेगी। हाटकेश्वर महादेव, वडनगर और काशी विश्वनाथ, वाराणसी में जलाभिषेक के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की योजना है। यात्रा का उद्देश्य केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना, जनता का फीडबैक लेना और जनसंवाद के माध्यम से सरकार के कार्यों की जानकारी साझा करना है।
25 थीम पर ‘सेवा : मेरा योगदान’
नितिन नवीन ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर के बीच ‘सेवा : मेरा योगदान’ के तहत 25 अलग-अलग थीम पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। लोगों से समय, श्रमदान और योगदान के माध्यम से अभियान से जुड़ने का आग्रह किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम 25 मिनट श्रमदान करने की अपील की जाएगी। विभिन्न सामाजिक विषयों पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को देश के विकास में सहभागी बनाने का प्रयास किया जाएगा।
ब्लॉक स्तर पर लगेंगे ‘सेवा सेतु’ शिविर
‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर के बीच प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
जो पात्र लाभार्थी किसी कारण से योजनाओं का लाभ नहीं ले पाए हैं, उनके आवेदन ब्लॉक स्तर पर लिए जाएंगे। इसके साथ स्वास्थ्य शिविर और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ में दिखेगा विकसित भारत का संदेश
‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम के तहत प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर मानव समूह के माध्यम से रंगोली बनाकर जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रीय प्रतीकों और ‘विकसित भारत’ के संदेश को प्रदर्शित किया जाएगा।
इसमें कलाकारों, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों, विद्यार्थियों और आम लोगों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने की योजना है।
युवाओं के लिए ‘सेवा फर्स्ट-इनोवेशन चैलेंज’
भाजपा ने युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप्स, पेशेवरों और कॉरपोरेट इनोवेटर्स के लिए ‘सेवा फर्स्ट-इनोवेशन चैलेंज’ आयोजित करने की भी घोषणा की है।
इसके लिए राज्यों में इनोवेशन चैलेंज आयोजित किए जाएंगे। शिक्षण संस्थानों, स्टार्टअप नेटवर्क और इनक्यूबेशन सेंटरों को इससे जोड़ा जाएगा तथा ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। चयनित प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर लाइव प्रदर्शनी, डेमो और युवा संवाद का अवसर मिलेगा। विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।
जनप्रतिनिधियों के लिए ‘सुशासन संवाद’
नितिन नवीन ने कहा कि पंचायती राज और स्थानीय निकायों के जनप्रतिनिधियों की योजनाओं के क्रियान्वयन में भागीदारी बढ़ी है। सरपंच, मुखिया और वार्ड सदस्यों सहित विभिन्न स्तरों के जनप्रतिनिधियों को सम्मानित करने की योजना है।
इसके तहत ‘विकसित भारत संकल्प प्रस्ताव’ के रूप में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें सरपंच से लेकर प्रधानमंत्री तक विभिन्न स्तरों के जनप्रतिनिधियों की सहभागिता होगी। देश में चार से पांच अलग-अलग स्थानों पर इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है।






