–रोम में भारत-इटली रिश्तों पर अनौपचारिक चर्चा, मेलोनी ने साझा की सेल्फी
नई दिल्ली, 20 मई । Narendra Modi अपने छह दिवसीय पांच देशों के विदेश दौरे के अंतिम चरण में बुधवार देर रात Rome पहुंचे, जहां Giorgia Meloni ने उनके सम्मान में विशेष रात्रिभोज का आयोजन किया। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच भारत-इटली संबंधों को और मजबूत बनाने को लेकर अनौपचारिक लेकिन महत्वपूर्ण चर्चा हुई।
इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत खास अंदाज में किया। उन्होंने मोदी के साथ सेल्फी साझा करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, “मेरे दोस्त, रोम में आपका स्वागत है।”
प्रधानमंत्री मोदी ने भी एक्स पर पोस्ट कर बताया कि उन्हें मेलोनी के साथ डिनर पर मुलाकात और Colosseum का दौरा करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि कई वैश्विक और द्विपक्षीय मुद्दों पर विचार साझा किए गए तथा औपचारिक वार्ता में भारत-इटली मित्रता को नई ऊंचाई देने पर चर्चा जारी रहेगी।



भारतीय समुदाय ने किया गर्मजोशी से स्वागत

रोम पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने वहां रह रहे भारतीय समुदाय से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि भारतीय प्रवासियों का भारत के प्रति गहरा जुड़ाव और भारत-इटली संबंधों को मजबूत करने की प्रतिबद्धता बेहद सराहनीय है। प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया भर में भारतीय समुदाय देश का गौरव बढ़ा रहा है।
काशी की झलक और भारतीय संस्कृति की छाप
प्रधानमंत्री मोदी ने इटली के प्रसिद्ध चित्रकार Giampaolo Tomassetti से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने काशी पर आधारित उनकी पेंटिंग्स देखीं। मोदी ने बताया कि टोमासेट्टी का भारतीय संस्कृति से जुड़ाव चार दशक पुराना है। उन्होंने 1980 के दशक में वैदिक संस्कृति पर आधारित पुस्तकों के लिए चित्र बनाए थे और 2008 से 2013 के बीच Mahabharata पर आधारित 23 बड़ी पेंटिंग्स तैयार की थीं।


इसके अलावा रोम में भारतीय शास्त्रीय नृत्य की प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही। पांच इतालवी कलाकारों — स्वामिनी आत्मानंद गिरी, मार्टिना मीनाक्षी आर्गादा, लुक्रेज़िया मैनिस्कोटी, वलेरिया वेस्पाजियानी और रोसेला फनेली — ने ‘त्रिगलबंदी’ प्रस्तुत की, जिसमें कुचिपुड़ी, भरतनाट्यम और कथक की झलक देखने को मिली। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारतीय नृत्य शैलियों का वैश्विक स्तर पर लोकप्रिय होना गर्व की बात है।






