गंगटोक, 28 अप्रैल। नरेंद्र मोदी ने सिक्किम की अपनी दो दिवसीय यात्रा के दूसरे और अंतिम दिन की शुरुआत फुटबॉल खेलकर की। राजधानी गंगटोक में उन्होंने युवाओं के साथ फुटबॉल खेलते हुए अपनी तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की।
सोशल मीडिया पर साझा की तस्वीर
प्रधानमंत्री ने फेसबुक पोस्ट में लिखा, “सिक्किम में गंगटोक की एक प्यारी सुबह, अपने युवा दोस्तों के साथ फुटबॉल खेलने का मजा ही कुछ और है।” तस्वीरों में वे बच्चों और युवाओं के साथ खेलते नजर आए।
50वीं वर्षगांठ समारोह में होंगे शामिल
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री दो दिवसीय दौरे पर सोमवार को सिक्किम पहुंचे थे। अपने दौरे के तहत वे पाल्जोर स्टेडियम में राज्य की स्थापना की 50वीं वर्षगांठ के समापन समारोह में भाग लेंगे।
इस दौरान राज्य में विभिन्न विकास योजनाओं और कार्यक्रमों को लेकर भी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र को मिलेगा बढ़ावा
स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रधानमंत्री नामची जिले के यांगांग में 100 बेड के आयुर्वेद अस्पताल की आधारशिला रखेंगे। इसके अलावा वो एनआईटी देवराली में 30 बिस्तरों वाले एकीकृत सोवा रिग्पा अस्पताल का भी उद्घाटन करेंगे, जिससे राज्य में पारंपरिक और एकीकृत चिकित्सा प्रणालियों तक पहुंच मजबूत होगी।
शिक्षा के क्षेत्र में सिक्किम विश्वविद्यालय का स्थायी परिसर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस यूनिवर्सिटी ऑफ एक्सीलेंस का प्रशासनिक भवन, हेलन लेपचा मेडिकल कॉलेज और डेंटम प्रोफेशनल कॉलेज सहित कई संस्थानों का उद्घाटन किया जाएगा। साथ ही 160 स्कूलों में आईटी आधारित शैक्षणिक ढांचे की शुरुआत भी की जाएगी।
कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार
राज्य में कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री सिरवानी और लोअर समदोंग में तीस्ता नदी पर बने दो दोहरे लेन वाले स्टील मेहराबदार पुलों की आधारशिला रखेंगे, जो नामची और गंगटोक जिलों को जोड़ेंगे। साथ ही वो किचुदुमरा होते हुए बिरधांग से नामची तक जाने वाली सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का भी उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा भी पीएम मोदी कई योजनाओं का उद्घाटन करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा सिक्किम के स्वर्ण जयंती वर्ष में एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है। यह न केवल राज्य के समग्र विकास को गति देगा, बल्कि पूर्वोत्तर क्षेत्र में सतत और समावेशी विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।





