सुपौल, 21 अगस्त । सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर अलग-अलग स्थानों पर रेलवे पटरी किनारे दो शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। लगातार दो शव मिलने की घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
लिटियाही में मिला किशोर का शव
पहली घटना गुरुवार सुबह लिटियाही की है, जहां रेलवे पटरी के किनारे एक किशोर का शव बरामद हुआ था। मृतक की पहचान लिटियाही निवासी 14 वर्षीय सत्यम कुमार के रूप में हुई।
घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी। पुलिस इस मामले की जांच कर ही रही थी कि देर रात थुमहा के समीप रेलवे पटरी किनारे एक और शव मिलने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया।
दूसरे शव की पहचान सुरेंद्र यादव के रूप में
दूसरे मृतक की पहचान त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के करहरवा निवासी सुरेंद्र यादव के रूप में हुई है। देर रात शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। शव देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उन्होंने भी हत्या की आशंका जताई है।
ट्रेन से गिरने की आशंका
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया सुरेंद्र यादव की मौत ट्रेन से गिरने के कारण होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, मौत हादसे में हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया ट्रेन से गिरकर व्यक्ति की मौत होने की बात सामने आई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
लगातार दो शव मिलने से बढ़ी चिंता
महज 24 घंटे के भीतर रेलवे पटरी किनारे दो अलग-अलग स्थानों से शव मिलने की घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोगों ने दोनों घटनाओं की निष्पक्ष जांच कर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने की मांग की है।






