पलामू। मेदिनीनगर नगर निगम चुनाव में मेयर पद पर दूसरी बार जीत हासिल करने वाली अरुणा शंकर और वार्ड एक से लेकर 35 तक के पार्षदों ने शनिवार सुबह 10 बजे समाहरणालय में शपथ ली।
पलामू के प्रमंडलीय आयुक्त कुमुद सहाय ने सभी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। मौके पर अपर समाहर्ता कुंदन कुमार मौजूद थे। शपथ ग्रहण समारोह को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला। निर्धारित समय पर कार्यक्रम शुरू हुआ।
बताते चलें कि मेदनी नगर नगर निगम का चुनाव 23 फरवरी को हुआ था, जबकि मतों की गिनती 27 फरवरी को हुई थी। इस चुनाव में निवर्तमान महापौर अरुणा शंकर ने जीत हासिल की थी। इसी तरह 32 वार्ड पार्षद भी निर्वाचित घोषित किये गए थे। 3 वार्ड पार्षद निर्विरोध निर्वाचित घोषित हुए थे।
अरुणा शंकर ने नम्रता त्रिपाठी को 3122 मतों के अंतर से पराजित किया था। अरुणा शंकर को कुल 24169, जबकि नम्रता त्रिपाठी को 21047 मौत प्राप्त हुए थे जबकि पूनम सिंह 12809 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रही थी।
शपथ ग्रहण के बाद अरुणा शंकर ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित शहरी विकास की योजनाओं को धरातल पर उतरना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
जनता ने जिस उद्देश्य से उनका चयन किया है उस पर वह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। जिस तरह से प्रथम महापौर के रूप में निगम क्षेत्र का विकास किया था, इस बार उससे ज्यादा बढ़-चढ़कर विकास होगा और कोई कसर नहीं छोड़ा जाएगा।





