पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर रची साजिश, किशनगंज के युवक की सिर काटकर हत्या; पांच आरोपी गिरफ्तार

Share

किशनगंज: बिहार के किशनगंज जिले के पोठिया निवासी एक युवक की पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले के बागडोगरा क्षेत्र में सिर काटकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने मृतक की पत्नी, उसके कथित प्रेमी सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे अवैध संबंध और आपसी विवाद की बात सामने आई है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है, जिसमें तंत्र-मंत्र से जुड़े एंगल की भी पड़ताल की जा रही है।

चाय बागान में मिला था सिर कटा शव

जानकारी के अनुसार, 14 जुलाई को बागडोगरा के हंसखोया चाय बागान के सेक्शन-9 में काम कर रहे मजदूरों ने एक सिर कटा शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा। जांच के दौरान मृतक की पहचान किशनगंज जिले के पोठिया निवासी इमाम के रूप में हुई।

पत्नी ने बीमारी का बहाना बनाकर बुलाया

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी मोमिना बेगम ने पेट दर्द और तबीयत खराब होने का बहाना बनाकर इमाम को किशनगंज से बागडोगरा बुलाया था।

जैसे ही इमाम वहां पहुंचा, पहले से घात लगाए आरोपियों ने उसका कथित रूप से अपहरण कर लिया और उसे हंसखोया चाय बागान ले गए, जहां धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी गई।

पहचान छिपाने के लिए धड़ से अलग किया सिर

पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपियों ने पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव का सिर धड़ से अलग कर दिया। शव को चाय बागान में छोड़ दिया गया, जबकि सिर और हत्या में इस्तेमाल हथियार को फांसीदेवा क्षेत्र के मुंशीबारी गांव के पास सुनसान जगह पर फेंक दिया गया।

बाद में पुलिस ने सिर और हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया।

सात साल से थे कथित प्रेम संबंध

जांच में पता चला कि मोमिना बेगम और उसके कथित प्रेमी सुदीप पाल के बीच पिछले सात वर्षों से प्रेम संबंध थे। पुलिस के अनुसार, इमाम इस रिश्ते का विरोध करता था, जिसके बाद दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।

वारदात में सुदीप पाल के दो भतीजे और एक अन्य सहयोगी के शामिल होने की भी बात सामने आई है।

चार बच्चों के माता-पिता थे दोनों

पुलिस के मुताबिक, इमाम और मोमिना की शादी करीब 10 वर्ष पहले हुई थी और उनके चार बच्चे हैं। पिछले कुछ वर्षों से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसके बाद मोमिना अपने दो बच्चों के साथ बागडोगरा स्थित मायके में रहने लगी थी।

फिलहाल पुलिस सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930