–स्नातक एवं शिक्षक विकसित और समृद्ध बिहार के पक्ष में मतदान करेंगे : नीतीश कुमार
पटना, 23 अक्टूबर। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधान परिषद की आठ सीटों के लिए स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में हो रहे मतदान की जानकारी ली। उन्होंने पार्टी कार्यालय पहुंचकर चुनावी वाररूम का निरीक्षण किया और मॉनिटरिंग टीम से विभिन्न क्षेत्रों में मतदान की स्थिति का फीडबैक लिया।
इस दौरान नीतीश कुमार ने संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से भी बातचीत की। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं का हालचाल जाना। मौके पर विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन कुमार सर्राफ और जदयू के राष्ट्रीय चुनाव पदाधिकारी एवं पूर्व सांसद अनिल प्रसाद हेगड़े भी मौजूद रहे।
आवासीय कार्यालय में भी ली थी मतदान की जानकारी
नीतीश कुमार ने मतदान के दिन सुबह अपने आवासीय कार्यालय, 7 सर्कुलर रोड पर प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा और ललन कुमार सर्राफ से चुनाव संबंधी जानकारी ली थी। इसके बाद उन्होंने पार्टी कार्यालय पहुंचकर चुनाव की निगरानी कर रहे पदाधिकारियों से सीधे फीडबैक लेने का निर्णय लिया।
आठों सीटों पर विकास के पक्ष में मतदान का विश्वास
नीतीश कुमार ने मतदान समाप्त होने के बाद विश्वास जताया कि आठों सीटों पर न्याय के साथ विकास के पक्ष में मतदान हुआ है। उन्होंने कहा कि स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में शिक्षित मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करते हैं और वे बिहार में शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में हुए कार्यों से परिचित हैं।
उन्होंने कहा कि बिहार की एनडीए सरकार ने पिछले 21 वर्षों में शिक्षा समेत सभी क्षेत्रों में काम किया है। उन्हें विश्वास है कि स्नातक और शिक्षक मतदाता विकसित एवं समृद्ध बिहार के पक्ष में अपना मत देंगे।






