पूर्वी चंपारण। जिले के आदापुर थाना परिसर में निगरानी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक प्राइवेट मुंशी को 14 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तारी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान इंतखाब आलम के रूप में हुई है, जो बिना किसी सरकारी पद पर रहते हुए वर्षों से थाना में मुंशी का काम कर रहा था। बताया जा रहा है कि उसका पुलिस कार्यों में काफी दखल था और वह विभिन्न मामलों में पैरवी कराने के नाम पर लोगों से पैसे वसूलता था।
आर्म्स लाइसेंस के नाम पर वसूली
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने एक पूर्व सैनिक से आर्म्स लाइसेंस दिलाने के नाम पर 14 हजार रुपये की मांग की थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत निगरानी विभाग से की, जिसके बाद टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
थाने की भूमिका पर भी उठे सवाल
इस कार्रवाई के बाद आदापुर सहित पूरे जिले के थानों में हलचल तेज हो गई है। मामले को लेकर एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि एसडीपीओ के नेतृत्व में एक टीम थानाध्यक्ष पप्पू पासवान समेत थाना में तैनात सभी पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच कर रही है।
गोपनीय फाइलों तक पहुंच पर जांच
जांच का एक अहम बिंदु यह भी है कि सरकारी मुंशी की मौजूदगी के बावजूद एक प्राइवेट व्यक्ति कैसे थाने की गोपनीय फाइलों तक पहुंच बना रहा था। इसके साथ ही निगरानी और पुलिस की संयुक्त टीम आरोपी के मोबाइल कॉल डिटेल और संपर्कों की भी जांच कर रही है, ताकि पूरे रिश्वत नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।






