नालंदा में अफीम की अवैध खेती का खुलासा, प्रशासन ने की कार्रवाई

Share

बिहारशरीफ। जिले में परवलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अस्तुपुर गांव में बुधवार को पुलिस ने अवैध अफीम की खेती के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बड़े पैमाने पर लगी फसल को पूरी तरह नष्ट कर दिया है।

मद्यनिषेध विभाग, नालंदा को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में तकनीक का भी सहारा लिया गया, जहाँ ड्रोन के जरिए पहले खेतों की स्थिति की पुष्टि की गई और फिर छापेमारी कर कार्रवाई को अंजाम दिया गया। बुधवार को हुई इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए मद्यनिषेध विभाग के अधीक्षक लाला अजय कुमार सुमन ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने के बाद विभाग ने हिलसा टीम को अलर्ट किया था।

ड्रोन सर्वे में अफीम की खेती की पुष्टि होते ही वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। इस टीम में हिलसा और सदर मद्यनिषेध टीम के साथ-साथ परवलपुर थाना अध्यक्ष संजीव कुमार और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। अभियान के दौरान दंडाधिकारी के रूप में पंचायत सचिव मनोरंजन कुमार की प्रतिनियुक्ति की गई थी।छापेमारी दल ने अहले सुबह परवलपुर थाना पहुंचकर स्थानीय पुलिस के साथ अस्तुपुर गांव में धावा बोला। यहां चिन्हित किए गए विभिन्न खेतों में लगभग 300 वर्ग फीट से लेकर 8 कट्ठा तक के क्षेत्र में अफीम की फसल लहलहा रही थी।

करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद लगभग 11 बजे तक पूरी फसल को नष्ट कर दिया गया, जबकि जांच के लिए नमूने के तौर पर कुछ मात्रा सुरक्षित रखी गई है।जांच और ग्रामीणों से पूछताछ के दौरान इस अवैध धंधे में संलिप्त कई नामों का खुलासा हुआ है। स्थानीय पुलिस और विभाग ने अस्तुपुर निवासी नीतीश उर्फ तुलसी, अमीर, नरेंद्र महतो, वीरेंद्र महतो, अजय महतो, सत्येंद्र महतो और अरुण महतो के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।मद्यनिषेध विभाग ने स्पष्ट किया है कि नशे के इस कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही, विभाग ने आम जनता से भी अपील की है कि वे अपने आस-पास मादक पदार्थों की खेती या तस्करी से जुड़ी कोई भी जानकारी तत्काल पुलिस या मद्यनिषेध विभाग को दें ताकि समय रहते सख्त कदम उठाए जा सकें।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930