धनबाद में गैंगस्टर प्रिंस खान की सांसद ढुलू महतो को धमकी, ’24 घंटे में रिजल्ट देंगे’

Share

विदेशी नंबर से आया धमकी भरा मैसेज, सांसद ने SSP और केंद्रीय गृह मंत्री को लिखित शिकायत भेजकर निष्पक्ष जांच की मांग

धनबाद: झारखंड के धनबाद में अपराध और राजनीति के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। विदेश में बैठे भगोड़े गैंगस्टर प्रिंस खान ने भाजपा सांसद ढुलू महतो को जान से मारने और रंगदारी की धमकी दी है। शनिवार को धनबाद सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सांसद ने स्वयं इस मामले का खुलासा किया।

ढुलू महतो के अनुसार, उन्हें एक विदेशी नंबर से धमकी भरा कॉल और मैसेज मिला। उन्होंने बताया कि पहला मैसेज और कॉल 1 जुलाई को उस समय आया, जब वह दिल्ली जा रहे थे। इसके बाद शुक्रवार शाम उसी विदेशी नंबर से दोबारा कॉल आया।

सांसद के मुताबिक, मैसेज में लिखा था कि, “सुन ले रे ढुलू महतो, मैं प्रिंस खान दुबई से बोल रहा हूं। हमको भी पैसा चाहिए, नहीं तो दोबारा कॉल-मैसेज नहीं करेंगे। 24 घंटे में रिजल्ट देंगे… और सुना, कोयला का काम कैसा चल रहा है।” इस धमकी के बाद उन्होंने पूरे मामले को सार्वजनिक किया।

ढुलू महतो ने बताया कि उन्होंने इस मामले की लिखित शिकायत धनबाद के एसएसपी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भेजी है तथा निष्पक्ष और त्वरित जांच की मांग की है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में सांसद ने कहा कि यदि राज्य सरकार गंभीरता और इच्छाशक्ति दिखाए तो केंद्र सरकार के सहयोग से आरोपी को दुनिया के किसी भी कोने से भारत लाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि धनबाद को अपराधमुक्त बनाना उनकी प्राथमिकता है और वह किसी भी अपराधी या रंगदारी गिरोह के सामने झुकने वाले नहीं हैं।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में गैंगस्टर प्रिंस खान का नाम धनबाद में कई जनप्रतिनिधियों और कारोबारियों को कथित धमकियां देने के मामलों में सामने आता रहा है। सांसद को मिली इस नई धमकी के बाद कोयलांचल की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031