धनबाद में अवैध कोयला कारोबार को लेकर गैंगवार, ताबड़तोड़ फायरिंग में तीन घायल

Share

धनबाद, 28 मई । धनबाद जिले के कतरास थाना क्षेत्र अंतर्गत छाताबाद में बुधवार देर रात अवैध कोयला कारोबार में वर्चस्व को लेकर दो गुटों के बीच जमकर गोलीबारी हुई। रात करीब एक बजे हुई अंधाधुंध फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना में दोनों पक्षों के तीन लोग गोली लगने से घायल हो गए।

गोलीबारी में तीन लोग घायल

घायलों में छाताबाद निवासी मो. तौसिफ, नीतीश कुमार यादव और एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं। बताया जा रहा है कि मो. तौसिफ के कंधे में गोली लगी है, जबकि नीतीश कुमार यादव की जांघ में गोली लगी है।

गंभीर रूप से घायल तौसिफ को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर रेफर किया गया है। वहीं नीतीश यादव का इलाज निचितपुर स्थित एक निजी क्लीनिक में चल रहा है।

देर रात स्कॉर्पियो सवार लोगों ने की फायरिंग

जानकारी के अनुसार छाताबाद स्थित कैलूडीह मैदान के समीप देर रात स्कॉर्पियो सवार कुछ लोग पहुंचे और कैलूडीह मस्जिद भवन के पास अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद दूसरे पक्ष की ओर से भी जवाबी फायरिंग की गई।

दोनों ओर से हुई गोलीबारी से पूरा इलाका गोलियों की आवाज से गूंज उठा और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।

पुलिस ने शुरू की छापेमारी

घटना की सूचना मिलते ही बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार विमल, कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार, कतरास अंचल इंस्पेक्टर मो. रुस्तम अंसारी सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी अभियान शुरू कर दिया है।

अपराधियों की पहचान में जुटी पुलिस

एसडीपीओ अजीत कुमार विमल ने बताया कि गोलीबारी में शामिल अपराधियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

अवैध कोयला कारोबार को लेकर पुराना विवाद

स्थानीय लोगों के अनुसार जिस इलाके में गोलीबारी हुई, उसके समीप एक आउटसोर्सिंग परियोजना संचालित है। आसपास लंबे समय से अवैध कोयला खनन और कोयला तस्करी का कारोबार चल रहा है।

बताया जाता है कि चोरी का कोयला साइकिल और बाइक के जरिए लाकर छाताबाद और स्वास्तिक टॉकीज के बीच बड़े पैमाने पर डंप किया जाता है, जहां से बाद में ट्रकों और अन्य वाहनों के जरिए विभिन्न इलाकों में भेजा जाता है।

पहले भी हो चुकी है हिंसक घटना

बताया जा रहा है कि अवैध कोयला कारोबार में वर्चस्व को लेकर दोनों गुटों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। पिछले वर्ष मार्च महीने में भी इसी तरह की हिंसक घटना में मनोज यादव नामक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

स्थानीय लोगों ने की सख्त कार्रवाई की मांग

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से अवैध कोयला कारोबार और बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031