देश को मिली नई रेल परियोजनाएं, पीएम मोदी ने किया उद्घाटन

Share

मेदिनीपुर। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कोलकाता से वर्चुअल माध्यम के जरिए कई महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित किया। इन परियोजनाओं के शुरू होने से रेल अवसंरचना, यात्री सुविधाओं और क्षेत्रीय संपर्क को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

रेलवे ने शनिवार काे बताया अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित तमलुक रेलवे स्टेशन और हल्दिया रेलवे स्टेशन का उद्घाटन प्रधानमंत्री ने किया। इन स्टेशनों पर आधुनिक प्रतीक्षालय, बेहतर यात्री सुविधाएं, सुगम आवागमन की व्यवस्था और उन्नत बाहरी संरचना विकसित की गई है, जिससे यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव मिल सकेगा।

इसके अलावा रेल संपर्क और परिचालन क्षमता को बढ़ाने के उद्देश्य से बेलदा और दांतन के बीच तीसरी रेल लाइन को भी राष्ट्र को समर्पित किया गया। अधिकारियों के अनुसार, इस अतिरिक्त लाइन के शुरू होने से ट्रेनों के संचालन में सुगमता आएगी तथा यात्री और मालगाड़ियों की आवाजाही अधिक तेज और व्यवस्थित हो सकेगी।

रेल सुरक्षा और समयबद्ध संचालन को ध्यान में रखते हुए कलाईकुंडा और कनीमहुली के बीच स्वचालित ब्लॉक सिग्नलिंग प्रणाली भी शुरू की गई। इस आधुनिक सिग्नलिंग प्रणाली से ट्रेनों के बीच की दूरी कम होगी और रेल परिचालन की क्षमता में वृद्धि के साथ सुरक्षा मानकों में भी सुधार होगा।

इस अवसर पर तमलुक, हल्दिया, बेलदा और कलाईकुंडा रेलवे स्टेशनों पर समारोह आयोजित किए गए, जिनमें जनप्रतिनिधियों, रेलवे अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति देखी गई।

रेल अधिकारियों का कहना है कि इन परियोजनाओं के शुरू होने से क्षेत्र में रेल संपर्क मजबूत होगा, यात्रियों की सुविधाएं बढ़ेंगी और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
March 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
3031