देश के विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार चौथे सप्ताह गिरावट, 12.95 अरब डॉलर घटकर 734.61 अरब डॉलर पर पहुंचा

Share

नई दिल्ली, 9 अक्टूबर। देश के विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार चौथे सप्ताह गिरावट दर्ज की गई है। दो अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 12.95 अरब डॉलर घटकर 734.61 अरब डॉलर रह गया। इससे पहले 25 सितंबर को समाप्त सप्ताह में भी इसमें 18.34 अरब डॉलर की बड़ी गिरावट आई थी और यह घटकर 747.56 अरब डॉलर पर पहुंच गया था।

विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों में 10.66 अरब डॉलर की कमी

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की ओर से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, दो अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार के सबसे बड़े घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों (एफसीए) में 10.66 अरब डॉलर की गिरावट आई। इसके बाद यह घटकर 604.75 अरब डॉलर रह गईं।

विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां कुल विदेशी मुद्रा भंडार का प्रमुख हिस्सा होती हैं। इनमें यूरो, पाउंड और येन जैसी अन्य मुद्राओं में रखी गई परिसंपत्तियों के मूल्य में होने वाले बदलाव का भी प्रभाव शामिल होता है।

स्वर्ण भंडार का मूल्य भी घटा

आरबीआई के आंकड़ों के मुताबिक, समीक्षाधीन सप्ताह में देश के स्वर्ण भंडार के मूल्य में भी गिरावट दर्ज की गई। स्वर्ण भंडार का मूल्य 2.29 अरब डॉलर घटकर 106.41 अरब डॉलर रह गया।

वहीं, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) से जुड़े विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) में मामूली वृद्धि हुई। यह 15 लाख डॉलर बढ़कर 18.66 अरब डॉलर हो गया।

आईएमएफ के पास आरक्षित जमा में गिरावट

आंकड़ों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास भारत का आरक्षित जमा 1.5 करोड़ डॉलर घटकर 4.79 अरब डॉलर रह गया।

सितंबर में रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचा था भंडार

गौरतलब है कि चार सितंबर को समाप्त सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 785.71 अरब डॉलर के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गया था। इसके बाद से इसमें लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। ताजा आंकड़े के अनुसार, दो अक्टूबर को समाप्त सप्ताह तक विदेशी मुद्रा भंडार उस रिकॉर्ड स्तर से काफी नीचे आ गया है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031