नई दिल्ली, 21 अगस्त । देश के विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार आठवें सप्ताह बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 14 अगस्त को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 9.905 अरब डॉलर बढ़कर 716.91 अरब डॉलर पर पहुंच गया। यह विदेशी मुद्रा भंडार का इस साल का ऊंचा स्तर है।
विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों में भी बढ़ोतरी
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की ओर से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, इससे पिछले सप्ताह विदेशी मुद्रा भंडार 14.14 अरब डॉलर बढ़कर 707.002 अरब डॉलर रहा था।
आंकड़ों के मुताबिक, 14 अगस्त को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां 7.22 अरब डॉलर बढ़कर 581.85 अरब डॉलर हो गईं। वहीं, स्वर्ण भंडार में 2.68 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई और यह 111.42 अरब डॉलर पर पहुंच गया।
एसडीआर में मामूली गिरावट
इस दौरान विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) में मामूली गिरावट दर्ज की गई। एसडीआर 5 करोड़ डॉलर घटकर 18.74 अरब डॉलर रह गया।
वहीं, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) में देश का आरक्षित भंडार 5 करोड़ डॉलर बढ़कर 4.89 अरब डॉलर हो गया।
फरवरी में बना था सर्वकालिक रिकॉर्ड
गौरतलब है कि 27 फरवरी को समाप्त सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार बढ़कर 728.49 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था। मौजूदा बढ़ोतरी के साथ विदेशी मुद्रा भंडार एक बार फिर इस रिकॉर्ड स्तर के करीब पहुंच रहा है।






