दुमका। झारखंड के दुमका जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सरैयाहाट अंचल कार्यालय के प्रधान लिपिक आनंद भारद्वाज को 5,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद कार्यालय में हड़कंप मच गया।
जमीन संबंधी रिपोर्ट भेजने के बदले मांगी थी रिश्वत
एसीबी के अनुसार, मंडलडीह गांव निवासी दीपक दास ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी जमीन संबंधी जांच रिपोर्ट अनुमंडल कार्यालय भेजने के लिए प्रधान लिपिक ने 25,000 रुपये रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन किया और आरोप सही पाए जाने पर ट्रैप की योजना बनाई।
जाल बिछाकर रंगे हाथ पकड़ा
पूर्व निर्धारित योजना के तहत शिकायतकर्ता ने प्रधान लिपिक को 5,000 रुपये दिए। जैसे ही आनंद भारद्वाज ने रिश्वत की राशि स्वीकार की, पहले से तैनात एसीबी टीम ने उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
कार्यालय में मचा हड़कंप
कार्रवाई के बाद एसीबी की टीम आरोपित को अपने साथ ले गई और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। प्रखंड सह अंचल कार्यालय में हुई इस कार्रवाई से कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच हड़कंप मच गया।
एसीबी अधिकारियों के अनुसार, आरोपित से पूछताछ की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।






