—हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद पुलिस की कार्रवाई
तूतीकोरिन। तमिलनाडु के तिरुचेंदूर विधानसभा क्षेत्र से द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) के विधायक और पूर्व मंत्री अनीता राधाकृष्णन को मुख्यमंत्री विजय के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उनके समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन भी किया।
अग्रिम जमानत की याचिका हुई थी खारिज
गिरफ्तारी से पहले अनीता राधाकृष्णन ने मद्रास उच्च न्यायालय में अग्रिम जमानत की याचिका दायर की थी, लेकिन अदालत ने इसे खारिज कर दिया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
20 जून की सभा में दिया था विवादित बयान
जानकारी के अनुसार, 20 जून को तूतीकोरिन जिले के आथूर में आयोजित डीएमके की आमसभा में अनीता राधाकृष्णन ने मुख्यमंत्री विजय के खिलाफ कथित रूप से मानहानिकारक और विवादास्पद टिप्पणियां की थीं। उन्होंने विधानसभा में मुख्यमंत्री के बैठने के स्थान को लेकर भी टिप्पणी की थी।
तवेक नेताओं की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
इस बयान के बाद तमिलगा वेत्री कड़गम के पदाधिकारियों ने आथूर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और बाद में विधायक को गिरफ्तार कर लिया।
पूर्व में मत्स्य पालन मंत्री रह चुके हैं राधाकृष्णन
अनीता राधाकृष्णन पिछली डीएमके सरकार में मत्स्य पालन एवं मछुआरा कल्याण विभाग के मंत्री रह चुके हैं। हाल के दिनों में वे मुख्यमंत्री विजय और उनकी सरकार पर तीखी राजनीतिक टिप्पणियों को लेकर लगातार चर्चा में रहे हैं।






