–स्वास्थ्य क्षेत्र में नवाचार और नई तकनीकों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
रांची, 15 जून। भारतीय विकास ट्रस्ट (बीवीटी) और पीएचआईए फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को रांची के होटल बीएनआर चाणक्य में ‘मेड-टेक इनोवेशन डे’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रिमोट का बटन दबाकर ‘डिस्ट्रिक्ट सैंडबॉक्स’ पहल का शुभारंभ किया। यह पहल स्वास्थ्य क्षेत्र में नई तकनीकों और नवाचारों के परीक्षण, मूल्यांकन और उनके व्यापक उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
स्वास्थ्य नवाचारों को मिलेगा वास्तविक परीक्षण का अवसर
‘डिस्ट्रिक्ट सैंडबॉक्स’ पहल के तहत इनोवेटर्स और स्टार्टअप्स को सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था की वास्तविक परिस्थितियों में अपनी चिकित्सा तकनीकों का परीक्षण करने का अवसर मिलेगा। इसके माध्यम से तकनीकों की प्रभावशीलता का मूल्यांकन कर उन्हें बड़े पैमाने पर लागू करने की दिशा तय की जाएगी।
इस पहल का उद्देश्य झारखंड में स्वास्थ्य नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र (इकोसिस्टम) को मजबूत करना और ग्रामीण, जनजातीय तथा वंचित समुदायों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है।
झारखंड में नवाचार की अपार संभावनाएं : हेमंत सोरेन
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड में नवाचार की असीम संभावनाएं हैं। स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकसित तकनीकी समाधान लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ और प्रभावी बनाने के लिए नई तकनीकों के उपयोग को प्राथमिकता दी जा रही है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में एआई और बायो-इंजीनियरिंग का बढ़ेगा उपयोग
मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), बायो-इंजीनियरिंग और रियल-टाइम डेटा आधारित तकनीकें भविष्य की स्वास्थ्य व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बनने जा रही हैं। उन्होंने स्टार्टअप्स, शोधकर्ताओं और नवाचारकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार उनकी तकनीकों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में हरसंभव सहयोग करेगी।
आईआईटी धनबाद के पूर्व छात्रों की डिजिटल एक्स-रे मशीन बनी आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बिना फिल्म वाली पोर्टेबल डिजिटल एक्स-रे मशीन का अवलोकन किया। इस तकनीक को आईआईटी धनबाद के पूर्व छात्रों द्वारा विकसित किया गया है। विशेषज्ञों के अनुसार यह मशीन दूरदराज क्षेत्रों में तेज, किफायती और आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायक साबित हो सकती है।

स्वास्थ्य क्षेत्र में तेजी से हो रहा विस्तार : इरफान अंसारी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने राज्य सरकार की स्वास्थ्य क्षेत्र में उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान कार्यकाल में मेडिकल कॉलेजों की संख्या, एमबीबीएस एवं पीजी सीटों में वृद्धि के साथ-साथ डॉक्टरों की नियुक्ति में भी तेजी आई है।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए नए मॉडल पर कार्य किया जा रहा है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच दोनों में सुधार होगा।
जल्द होगी एआई हेल्थ कॉन्फ्रेंस, खुलेंगे 745 ‘अबुआ मेडिकल स्टोर’
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं में एआई आधारित तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रही है। इसी दिशा में जल्द ही राज्य स्तर पर एआई हेल्थ कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि आम लोगों को सस्ती और सुलभ दवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्यभर में 745 ‘अबुआ मेडिकल स्टोर’ खोलने की योजना पर तेजी से काम किया जा रहा है।
विशेषज्ञों और नवाचारकर्ताओं की रही सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, स्वास्थ्य विशेषज्ञ, तकनीकी नवाचारकर्ता और विकास क्षेत्र से जुड़े साझेदार उपस्थित रहे।






