झारखंड में भाजपा को नई धार देने की तैयारी, नितिन नवीन ने नेताओं के साथ बनाई रणनीति

Share

रांची, 06 जून । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने दो दिवसीय झारखंड दौरे के पहले दिन रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, प्रदेश कोर कमेटी के सदस्यों, पूर्व प्रदेश अध्यक्षों, सांसदों और विधायकों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें कीं। बैठकों में संगठन को मजबूत बनाने, आगामी राजनीतिक चुनौतियों की तैयारी और जनसंपर्क अभियानों को प्रभावी बनाने पर व्यापक चर्चा हुई।

कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत

भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया। इसके बाद नितिन नवीन ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और विभिन्न संगठनात्मक बैठकों में भाग लिया।

कोर कमेटी और पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के साथ मंथन

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सबसे पहले प्रदेश कोर कमेटी और पूर्व प्रदेश अध्यक्षों की संयुक्त बैठक में हिस्सा लिया। बैठक की शुरुआत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू द्वारा पुस्तक भेंट कर स्वागत के साथ हुई।

बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय बनाने, सदस्यता अभियान को गति देने, जनसंपर्क कार्यक्रमों के विस्तार और आगामी राजनीतिक गतिविधियों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

बैठक में बाबूलाल मरांडी, कर्मवीर सिंह, रघुवर दास, चंपाई सोरेन, अर्जुन मुंडा, मधु कोड़ा, अन्नपूर्णा देवी, संजय सेठ, दीपक प्रकाश तथा समीर उरांव सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

इसके अलावा रविन्द्र कुमार राय, अभयकांत प्रसाद, दिनेशानंद गोस्वामी और अन्य पदाधिकारियों ने भी बैठक में भाग लिया।

सांसदों और विधायकों को दिया संदेश

कोर कमेटी की बैठक के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सांसदों और विधायकों की संयुक्त बैठक को संबोधित किया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से संगठन और जनता के बीच संवाद मजबूत करने, केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा कार्यकर्ताओं के साथ नियमित संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया।

उन्होंने जनसमस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने और पार्टी की जनाधार विस्तार रणनीति को प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी जोर दिया।

आगामी रणनीति पर रहेगा फोकस

बैठक के दौरान मंच पर आदित्य साहू, बाबूलाल मरांडी, गोपाल नारायण सिंह और कर्मवीर सिंह मौजूद रहे।

भाजपा नेतृत्व का मानना है कि नितिन नवीन का यह दौरा झारखंड में संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति देने, कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए पार्टी को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। दो दिवसीय प्रवास के दौरान वह विभिन्न संवाद कार्यक्रमों, बैठकों और संगठनात्मक गतिविधियों में भाग लेकर पार्टी की रणनीति को और धार देंगे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930