रांची, 10 सितंबर। झारखंड के आठ जिलों में शुक्रवार, 11 सितंबर को भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश की आशंका वाले जिलों में उत्तर-पश्चिमी और दक्षिणी झारखंड के जिले शामिल हैं।
इन जिलों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, गढ़वा, पलामू, लातेहार और चतरा के अलावा पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा में भारी बारिश हो सकती है।
मधुपुर में सबसे अधिक 80.1 मिमी बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक 80.1 मिलीमीटर बारिश देवघर जिले के मधुपुर में दर्ज की गई। इस दौरान राज्य में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान रांची के नामकुम में दर्ज हुआ।
रांची में दिनभर छाए रहे बादल
गुरुवार को राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से ही बादल छाए रहे और हल्की बारिश हुई। बारिश और बादलों के कारण दिनभर मौसम सुहाना बना रहा।
रांची में गुरुवार को अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रमुख शहरों का तापमान
जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री और न्यूनतम 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा। डाल्टनगंज में अधिकतम 32.4 और न्यूनतम 25.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
बोकारो में अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री और न्यूनतम 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं चाईबासा में अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।






